Breaking News

बिहार: नीतीश कैबिनेट की बैठक खत्म, कुल 35 एजेंडों पर मोहर लगी     |   दिल्ली में राहुल गांधी के घर के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया     |   दिल्ली: AI समिट में प्रोटेस्ट करने वाले यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता अरेस्ट, पटियाला हाउस कोर्ट में होगी पेशी     |   दिल्ली BJP कार्यकर्ता कल सुबह 10 बजे कांग्रेस मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे     |   गुजरात: वलसाड में कपराड़ा के कुंभ घाट पर कार और ट्रक की टक्कर, 7 लोगों की मौत     |  

इंग्लैंड में किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर गिरफ्तार, क्या हैं आरोप?

London: इंग्लैंड में किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को थेम्स वैली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनपर सार्वजनिक पद के दुरुपयोग का शक है। पुलिस ने बताया कि 60 साल से ज्यादा उम्र के एक शख्स को हिरासत में लिया गया है और बर्कशायर और नॉरफॉक में उसके ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। ब्रिटेन के नियमों के मुताबिक पुलिस ने आधिकारिक तौर पर आरोपी का नाम नहीं लिया है, लेकिन जांच की जानकारी दे दी है।

1960 में जन्मे एंड्रयू को लंबे समय तक ड्यूक ऑफ यॉर्क के नाम से जाना जाता था। वे कभी शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्य थे। उन्होंने फॉकलैंड संघर्ष सहित दो दशक से ज्यादा समय तक रॉयल नेवी में काम किया। 2001 में वे ब्रिटेन के व्यापार और निवेश के विशेष प्रतिनिधि बने। उनका सार्वजनिक जीवन यौन अपराध के दोषी जेफरी एपस्टीन के साथ रिश्तों के कारण बिखर गया।

उस समय एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर राजकुमार थे। उन्होंने 2019 में बीबीसी को दिए एक विवादास्पद इंटरव्यू के बाद खुद को शाही कर्तव्यों से अलग कर लिया। उनकी सैन्य भूमिकाएं और संरक्षण 2022 में वापस ले लिए गए। हालांकि वे किसी भी गैरकानूनी काम में शामिल होने से लगातार इनकार करते रहे।

खबरों के मुताबिक, मौजूदा जांच उन आरोपों से जुड़े हैं जिसमें ब्रिटेन के व्यापार से जुड़ी जानकारी एपस्टीन को दी गई थी। उस समय वे सरकारी व्यापार दूत थे। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा कि कोई भी शख्स कानून से ऊपर नहीं है। बकिंघम पैलेस ने संकेत दिया है कि वो पुलिस जांच में सहयोग के लिए तैयार है।