Breaking News

यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |   कलकत्ता हाई कोर्ट की फटकार के बाद विधाननगर कोर्ट पहुंचे अभिषेक बनर्जी, देंगे वॉयस सैंपल     |  

होर्मुज पर 20 फीसदी टोल से पीछे हटे ट्रंप, अब खाड़ी देश व्यापार, निवेश को लेकर अमेरिका के साथ करेंगे डील

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान को छोड़कर बाकी सभी देशों के जहाजों के लिए खुला रहेगा। उन्होंने पहले प्रस्तावित 20% टोल की योजना वापस लेते हुए कहा कि इसकी जगह खाड़ी देशों के साथ व्यापार और निवेश समझौते किए जाएंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि नाकाबंदी सिर्फ ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों और ईरानी सामान ले जाने वाले जहाजों पर लागू होगी। बाकी सभी देशों के जहाज पहले की तरह होर्मुज से गुजर सकेंगे।

ट्रंप ने ईरान के नेताओं पर झूठ बोलने और हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरान की मौजूदा सरकार देश को बर्बादी की ओर ले जा रही है। ट्रंप ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन केन और सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य सुरक्षित है और दुनिया के अधिकांश जहाज वहां से गुजर पा रहे हैं।

ट्रंप ने कहा कि खाड़ी देशों के नेताओं से बातचीत के बाद उन्होंने 20% शुल्क लगाने का फैसला वापस ले लिया है। अब इसके बदले ये देश अमेरिका में बड़े पैमाने पर निवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि इन निवेशों से अमेरिका में नई फैक्ट्रियां लगेंगी, उद्योग बढ़ेंगे और लाखों लोगों को अच्छी नौकरियां मिलेंगी।ट्रंप ने दावा किया कि हाल के अमेरिकी हमलों से ईरान की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा कि ईरान के कई नौसैनिक जहाज और सैन्य संसाधन नष्ट हो चुके हैं।

एक दिन पहले ट्रंप ने कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर 20% शुल्क लिया जाएगा ताकि अमेरिका इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा का खर्च निकाल सके। लेकिन बाद में उन्होंने यह फैसला बदल दिया। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है। दुनिया के बड़े हिस्से का कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस इसी रास्ते से गुजरता है। इसलिए यहां तनाव बढ़ने का असर पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति और तेल की कीमतों पर पड़ता है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी टकराव से पश्चिम एशिया में तनाव फिर बढ़ गया है। इससे दोनों देशों के बीच हुआ अंतरिम शांति समझौता भी खतरे में पड़ गया है। इस संघर्ष का असर समुद्री व्यापार, तेल आपूर्ति और वैश्विक बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है।