Breaking News

‘24 मार्च को होंगे पार्लियामेंट के लिए चुनाव’, डेनमार्क के प्रधानमंत्री का ऐलान     |   IND vs ZIM T20 WC: चेन्नई में ज‍िम्बाब्वे ने जीता टॉस, भारत की पहले बल्लेबाजी     |   महाराष्ट्र: सुनेत्रा अजित पवार को सर्वसम्मति से NCP का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया     |   भारत और इजरायल के बीच शिक्षा और AI से जुड़े समझौते हुए     |   पीएम मोदी का इजरायल दौरा: भारत और इजरायल के बीच कई समझौते हुए     |  

अमेरिका में हाई स्कूल हॉकी मैच के दौरान गोलीबारी, 3 की मौत, शूटर ने खुद को भी गोली मारी

अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। ताजा मामला रोड आइलैंड का है, जहां सोमवार दोपहर एक हाई स्कूल आइस हॉकी मैच के दौरान अचानक गोलियां चलने लगीं। यह घटना पॉवकेट शहर स्थित डेनिस एम. लिंच एरिना के अंदर हुई, जहां बड़ी संख्या में खिलाड़ी, छात्र और उनके परिवार मौजूद थे। फायरिंग के दौरान एरिना में भगदड़ मच गई। खिलाड़ी अपनी जान बचाने के लिए बेंच और बोर्ड के पीछे छिपते नजर आए, जबकि दर्शक अपनी सीटें छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे।

इस गोलीबारी में कुल तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो आम नागरिक और एक संदिग्ध हमलावर शामिल है। हमलावर की मौत खुद को मारी गई गोली से हुई है। पुलिस ने हमलावर को गोली नहीं मारी। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि, हमलावर ने खुद ही आत्महत्या की है। फायरिंग में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।

शुरुआती जांच में यह मामला टारगेटेड अटैक का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि, इस हमले के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल हमलावर और मृतकों की उम्र या पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन ऐसा लगता है कि मारे गए दोनों लोग वयस्क थे। जिस वक्त गोलीबारी हुई, उस समय दोनों टीमें सीनियर नाइट मना रही थीं। यह कार्यक्रम आमतौर पर खिलाड़ियों के लिए भावनात्मक और उत्सवपूर्ण होता है, जिसमें परिवार और दोस्त बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।

मैच के लाइव स्ट्रीम फुटेज में देखा गया कि, जैसे ही एक टीम डिफेंस से पक निकालने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। रेफरी ने तुरंत सीटी बजाकर मैच रोक दिया और खिलाड़ी बर्फ से बाहर निकलने लगे। कुछ ही सेकंड में दोनों टीमें बोर्ड के ऊपर से कूदते हुए दूसरी ओर बने एग्जिट गेट की तरफ भागीं। घटना के बाद एरिना के बाहर बेहद भावुक दृश्य देखने को मिले। रोते-बिलखते परिवार एक-दूसरे को संभालते नजर आए। हाई स्कूल के हॉकी खिलाड़ी एक-दूसरे को गले लगाते दिखे। पुलिस की भारी मौजूदगी के कारण एरिना के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया। ऊपर से हेलीकॉप्टर लगातार इलाके की निगरानी करते रहे।

पॉवकेट के मेयर डोनाल्ड आर. ग्रेबिएन ने इस घटना को बेहद डरावना अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि, ये हाई स्कूल के बच्चे थे। उनके परिवार उन्हें खेलते देखने आए थे। एक खुशी का माहौल अचानक डर और दहशत में बदल गया। कोवेंट्री पब्लिक स्कूल डिस्ट्रिक्ट के सुपरिंटेंडेंट डॉन कोवार्ट ने बयान जारी कर कहा कि, उनकी हॉकी टीम के सभी छात्र सुरक्षित हैं और उनके साथ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। वहीं नॉर्थ स्मिथफील्ड हाई स्कूल के प्रिंसिपल डैन गेराग्टी ने कहा कि, यह खबर दिल तोड़ने वाली है। 

पुलिस प्रमुख ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां स्कूल प्रशासन के साथ मिलकर छात्रों और परिवारों को काउंसलिंग सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने कहा कि, इस तरह की घटनाओं का मानसिक असर बच्चों पर देर से भी सामने आ सकता है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब करीब दो महीने पहले ही रोड आइलैंड की ब्राउन यूनिवर्सिटी में भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी। उस हमले में दो छात्रों की मौत हुई थी और नौ लोग घायल हुए थे। जांच अधिकारियों के मुताबिक, उस मामले में हमलावर ने बाद में न्यू हैम्पशायर के सालेम इलाके में एक स्टोरेज फैसिलिटी के अंदर खुद को गोली मार ली थी। इससे पहले उसने MIT के एक प्रोफेसर की भी हत्या की थी।

इस ताजा घटना ने अमेरिका में स्कूलों और सार्वजनिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाई स्कूल स्तर के खेल आयोजनों में इस तरह की हिंसा ने अभिभावकों और समुदायों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, गवाहों से पूछताछ जारी है और एरिना के सभी वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमले के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।