Breaking News

तेहरान में जिस स्क्वायर पर चल रहा था प्रोटेस्ट, वहां हुए जोरदार धमाके, दहल उठा ईरान     |   ईरान: तेहरान में कुद्स रैली के दौरान जोरदार धमाका, US-इजरायल के खिलाफ था प्रोटेस्ट     |   गुजरात: LPG संकट पर कांग्रेस समेत विपक्षी MLAs ने विधानसभा परिसर में हंगामा किया     |   ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने एस जयशंकर को अमेरिका-इजरायल के हमलों की जानकारी दी     |   भारत और ईरान के विदेश मंत्रियों ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर फोन पर बात की     |  

बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हमलों के खिलाफ ढाका में प्रदर्शन, लोगों ने बनाई मानव श्रृंखला

बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ लोगों ने राजधानी ढाका के नेशनल प्रेस क्लब के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद भी हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। बांग्लादेश जातीय हिंदू महाजोट के महासचिव मृत्युंजय कुमार रॉय ने कहा कि वे हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रही हत्या, लूट और बलात्कार जैसी घटनाओं के विरोध में इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की सरकार बने लगभग एक महीना हो चुका है, लेकिन हिंदुओं पर हमले अब भी जारी हैं।

2024 में शेख हसीना सरकार के हटने के बाद से देश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। पिछले एक सप्ताह में दो हिंदू पुरुषों की अलग-अलग घटनाओं में हत्या कर दी गई, जबकि एक मंदिर में हुए कच्चे बम विस्फोट में पुजारी समेत चार लोग घायल हो गए। यह जानकारी मानवाधिकार संगठन बांग्लादेश जातीय हिंदू महाजोट ने दी।

संगठन के अनुसार, 6 और 7 मार्च को बोगुरा और कॉक्स बाजार में दो लोगों की हत्या कर दी गई। वहीं 8 मार्च को कुमिल्ला शहर में पूजा के दौरान एक हिंदू मंदिर पर कच्चे बम फेंके गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। संगठन ने बताया कि 7 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे कुमिल्ला शहर के दक्षिण ठाकुरपाड़ा इलाके में स्थित मंदिर में शनि देव की पूजा के दौरान कुछ हमलावरों ने कच्चे बम से हमला किया। इस घटना में मंदिर के पुजारी और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हमला कालिगाछ तला काली मंदिर में हुआ। पुलिस के मुताबिक घायल पुजारी केशव चक्रवर्ती और दो अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज कराया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष सजल कुमार चंदा ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति को विस्फोट से कुछ देर पहले मंदिर में आते और एक बैग छोड़कर जाते हुए देखा गया।

घायल पुजारी केशव चक्रवर्ती ने बताया कि विस्फोट के बाद उनके सामने एक सफेद वस्तु गिरी और थोड़ी देर बाद धुआं फैल गया। बाद में लोगों ने बताया कि वह बम था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि पहले धमाके के बाद हमलावरों ने पास के एक बौद्ध मंदिर और एक निजी कार्यालय के पास भी दो और कच्चे बम विस्फोट किए। पिछले महीने हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसके सहयोगियों ने संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल किया था, जिसके बाद तारिक रहमान देश के प्रधानमंत्री बने।