Breaking News

फ्रांस में दंगों के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 2,700 लोग हिरासत में लिए गए     |   तिब्बत में 7 की तीव्रता वाले भीषण भूकंप से भारी तबाही, 16 लोगों की मौत, 32 घायल     |   टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा से दबोचे गए तीन आरोपियों से कड़ी पूछताछ     |   हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का बड़ा असर, कई कंपनियां और दफ्तर बंद     |   बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर वोटिंग जारी     |  

डोनाल्ड ट्रंप की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की ‘ऐतिहासिक’ जीत पर बुधवार को उन्हें बधाई दी और वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे दोस्त डोनाल्ड ट्रंप को उनकी ऐतिहासिक चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई। आपके अपने पिछले कार्यकाल की सफलताओं के क्रम में, मैं भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए हमारे सहयोग को नए सिरे से आगे बढ़ाने की आशा करता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आइए साथ मिलकर अपने लोगों की बेहतरी के लिए और वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए काम करें।’’

पीएम मोदी ने इस पोस्ट के साथ ट्रंप से मुलाकात की कुछ पुरानी तस्वीरें भी शेयर की। ऐसी तस्वीर में वे ट्रंप के साथ गले मिलते तो दूसरे में दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर ठहाके लगाते दिख रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप को दूसरा कार्यकाल मिलना लगभग तय दिख रहा है। उन्होंने कड़े मुकाबले में अपनी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को पीछे छोड़ दिया है।

एसोसिएटेड प्रेस की जानकारी के मुताबिक, रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप ने 267 निर्वाचक मंडल वोट जबकि हैरिस ने 224 निर्वाचक मंडल वोट हासिल कर लिए हैं। 270 या उससे ज्यादा निर्वाचक मंडल वोट जीतने वाला उम्मीदवार राष्ट्रपति चुना जाता है। ट्रंप बहुमत से सिर्फ तीन वोट दूर हैं। अलग-अलग राज्यों से लगातार जीत के साफ संकेत मिलने के बीच 78 साल के रिपब्लिकन नेता ट्रंप ने फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच पर अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए जीत की घोषणा की और कहा कि ये ‘अमेरिका का स्वर्णिम युग’ है।