नासा ने नए चरण की मरम्मत पूरी करने के बाद बीते गुरुवार को अपने चंद्रमा रॉकेट को चार अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अप्रैल में प्रक्षेपण के लिए मंजूरी दे दी। ये 322 फीट लंबा रॉकेट अगले हफ्ते फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर में हैंगर से बाहर निकालकर वापस पैड पर लाया जाएगा और एक अप्रैल को इसके प्रक्षेपण की कोशिश की जाएगी। ये मानवता की 50 साल से भी अधिक समय बाद चंद्रमा की पहली यात्रा को चिन्हित करेगा।
आर्टेमिस-II मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों को इस साल की शुरुआत में चंद्रमा के चारों ओर उड़ान भरने के लिए रवाना होना था, लेकिन स्पेस लॉन्च सिस्टम (एसएलएस) रॉकेट में ईंधन के रिसाव और दूसरी तकनीकी समस्याओं के कारण ये योजना बाधित हो गई थी। हालांकि नासा फरवरी में पैड पर हाइड्रोजन ईंधन के रिसाव को रोकने में कामयाब रहा लेकिन हीलियम प्रवाह की समस्या के कारण अंतरिक्ष एजेंसी को रॉकेट को मरम्मत के लिए असेंबली बिल्डिंग में वापस भेजना पड़ा, जिससे मिशन अप्रैल तक टल गया।
अंतरिक्ष एजेंसी के पास अप्रैल की शुरुआत में प्रक्षेपण करने के लिए केवल कुछ ही दिन बचे हैं, जिसके बाद 30 अप्रैल से मई की शुरुआत तक प्रक्षेपण कार्य स्थगित रहेगा। पिछले महीने के आखिर में नासा के नए प्रशासक जेरेड इसाकमैन ने आर्टेमिस कार्यक्रम में बड़े बदलाव की घोषणा की। चंद्रमा पर होने वाले अभियानों की धीमी गति और उनके बीच लंबे अंतराल से नाखुश होकर उन्होंने अगले साल पृथ्वी की कक्षा में एक अतिरिक्त अभ्यास उड़ान का प्रस्ताव रखा। यही अब नया आर्टेमिस III है और दो अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा चंद्रमा पर उतरने का मिशन आर्टेमिस IV में बदल दिया गया है। इसाकमैन का लक्ष्य 2028 में एक या संभवतः दो बार चंद्रमा पर उतरने का है।
नासा के महानिरीक्षक कार्यालय ने इस हफ्ते एक ऑडिट में चेतावनी दी है कि अंतरिक्ष एजेंसी को अपने चंद्र दल के लिए एक बचाव योजना तैयार करने की जरूरत है। रिपोर्ट के मुताबिक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरना अपोलो अंतरिक्ष यात्रियों के लिए भूमध्य रेखा के करीब उतरने की तुलना में अधिक जोखिम भरा हो सकता है क्योंकि ध्रुवीय भूभाग ऊबड़-खाबड़ है।
अंतरिक्ष यात्रियों के लिए चंद्रमा पर उतरने वाले यान उपलब्ध कराने का ठेका नासा द्वारा दिए गए अनुबंध के तहत एलोन मस्क की स्पेसएक्स और जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजिन ने 2028 की नई तय तारीख तक पूरा करने के लिए काम में तेजी ला दी है। महानिरीक्षक कार्यालय ने कहा कि अभी भी कई तकनीकी चुनौतियां बाकी हैं, जिनमें चंद्रमा पर उड़ान भरने से पहले पृथ्वी की कक्षा में उनके लैंडर्स को ईंधन भरना शामिल है।
नासा ने चार अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अप्रैल में आर्टेमिस चंद्रमा रॉकेट के प्रक्षेपण को दी मंजूरी
You may also like
सऊदी अरब ने मार गिराए 50 ड्रोन, ईरान-इजराइल तनाव के बीच मिडिल ईस्ट में हालात और गंभीर.
नासा ने चार अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अप्रैल में आर्टेमिस चंद्रमा रॉकेट के प्रक्षेपण को दी मंजूरी.
आवारा कुत्ते के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत, आक्रोशित लोगों ने कुत्ते को मार डाला.
तेल कीमतों के दबाव में अमेरिका का बड़ा फैसला, रूसी तेल की खरीद को फिर दी अनुमति.