Breaking News

BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |   मुंबई में महंगाई का डबल अटैक... महंगी हुई CNG-PNG, ऑटो और काली-पीली टैक्सी का किराया भी बढ़ा     |   हिमाचल: नालागढ़ पुलिस स्टेशन IED ब्लास्ट केस में 3 और गिरफ्तार, NIA के शिकंजे में अब 6 आरोपी     |   यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी एयर स्ट्राइक, 3 की मौत; 5 घायल     |   होर्मुज स्ट्रेट में टैंकर पर हमला, 3 अज्ञात प्रोजेक्टाइल से टकराने की खबर     |  

मिडिल ईस्ट में तनाव: लेबनान से इजरायल की ओर दागी गईं मिसाइल

अमेरिका और इजरायल एक ओर ईरान पर लगातार हमले कर रहे हैं तो दूसरी ओर ईरान भी इजरायल और कुछ खाड़ी देशों पर मिसाइलों से हमला कर रहा है. हालांकि अब लेबनान की ओर से इजरायल पर मिसाइलें दागी गई हैं. इजरायल की सेना ने सोमवार को बताया कि लेबनान से दागे गए मिसाइलों के कारण उत्तरी इजरायल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे. साथ ही सेना ने यह भी बताया कि उसने दागी गई मिसाइलों में से एक को रास्‍ते में ही नष्‍ट कर‍ दिया गया.  

इजरायली सेना ने टेलीग्राम पर पोस्ट किया, "उत्तरी इजरायल के कई इलाकों में सायरन बजने के बाद लेबनान से इजरायली क्षेत्र में घुसने वाली एक मिसाइल को इजरायली एयर फोर्स ने रोक लिया और कई मिसाइलें खुले इलाकों में गिरी." लेबनानी आतंकी समूह हिजबुल्लाह ने रविवार को कहा कि इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद ईरान का समर्थन करना उसका "कर्तव्य" है. 

हालांकि अमेरिका और इजरायल द्वारा शनिवार को शुरू किए गए हमलों के बाद से हिज्‍बुल्‍लाह ने किसी भी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है. इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या कर दी गई थी और इसके बाद जवाबी ड्रोन और मिसाइल हमले शुरू हो गए थे. इजरायल के साथ संघर्ष के कारण हिज्‍बुल्‍लाह कमज़ोर हो गया है. हिज्‍बुल्‍लाह ने अक्टूबर 2023 में फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास द्वारा इजरायल पर घातक हमले और फिर गाजा युद्ध के बाद हमास का समर्थन करने के लिए हमले किए थे. 

इजरायल और हिज्‍बुल्‍लाह ने 2024 में एक युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, हालांकि इजरायल ने उन लक्ष्यों पर हमले जारी रखे हैं जिनके बारे में उसका कहना है कि वे लेबनानी समूह से जुड़े हैं.  पिछले साल जून में इजरायल और ईरान के बीच हुए 12 दिनों के संघर्ष के दौरान हिज्‍बुल्‍लाह ने हस्तक्षेप नहीं किया था.