Breaking News

केरल विधानसभा चुनाव: CPI ने 25 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की     |   बारिश के बाद दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुधरकर 97 हो गई     |   अवैध कॉल सेंटर मामला: ED ने पश्चिम बंगाल के 10 ठिकानों पर छापा मारा     |   राज्यसभा चुनाव: बिहार में अब तक एनडीए के 176, महागठबंधन के 37 विधायकों ने डाला वोट     |   सेंसेक्स 179 अंक गिरकर 74,384.61 पर; निफ्टी 53 अंक गिरकर 23,098 पर खुला     |  

ऑस्कर मंच पर साथ दिखे आयरन मैन और कैप्टन अमेरिका, फैंस हुए खुश

मार्वल यूनिवर्स के फैंस के लिए हॉलीवुड की सबसे बड़ी रात ऑस्कर अवॉर्ड्स में एक खास पल देखने को मिला, जब दो लोकप्रिय “एवेंजर्स” सितारे रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस एक बार फिर साथ नजर आए। दोनों अभिनेता, जो मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में आयरन मैन और कैप्टन अमेरिका की भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं, ऑस्कर समारोह में एक साथ मंच पर पहुंचे। उन्होंने ‘बेस्ट अडैप्टेड स्क्रीनप्ले’ और ‘बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले’ अवॉर्ड प्रस्तुत किए।

मंच पर आते ही दोनों ने फिल्म ‘द एवेंजर्स’ के 14 साल पूरे होने को लेकर मजाकिया अंदाज में बातचीत की। वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक, रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने फिल्मों में स्क्रिप्ट की अहमियत पर बात शुरू की, तभी क्रिस इवांस ने बीच में पूछ लिया कि “द एवेंजर्स की 14वीं सालगिरह पर आपने मुझे क्या गिफ्ट दिया?”

इस पर क्रिस इवांस ने बताया कि उन्होंने डाउनी जूनियर को ‘एवेंजर्स’ की साइन की हुई स्क्रिप्ट दी, जबकि डाउनी जूनियर ने मजाक में कहा कि उन्होंने इवांस को अपनी कार की वैलेट रसीद दे दी। इस हल्के-फुल्के मजाक से समारोह में मौजूद दर्शक भी हंस पड़े। इसके बाद दोनों ने फिल्ममेकर पॉल थॉमस एंडरसन को फिल्म “वन बैटल आफ्टर अनदर” के लिए बेस्ट अडैप्टेड स्क्रीनप्ले का अवॉर्ड दिया। वहीं, ओरिजिनल स्क्रीनप्ले के नॉमिनेशन का ऐलान करते समय डाउनी जूनियर ने मजाक में अभिनेता चैनिंग टैटम की फिल्म “मैजिक माइक” में पहना हुआ चमकदार अंडरवियर क्रिस इवांस को थमा दिया। इस पर दर्शकों में बैठे टैटम ने मजाक में कहा कि उन्हें यह “बाद में काम के लिए चाहिए होगा।”

इस मजेदार रीयूनियन के साथ ही दोनों कलाकारों की मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में वापसी का भी संकेत मिला। आने वाली फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में रॉबर्ट डाउनी जूनियर विलेन ‘डॉक्टर डूम’ के रूप में नजर आ सकते हैं, जबकि क्रिस इवांस भी मार्वल की दुनिया में वापसी करेंगे। आयरन मैन और कैप्टन अमेरिका के रूप में दोनों कलाकारों ने कई मार्वल फिल्मों में काम किया और दुनियाभर में बड़ी पहचान बनाई। ऑस्कर के मंच पर उनका यह साथ आना फैंस के लिए पुरानी यादों को ताजा करने वाला खास पल बन गया।