Breaking News

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने UAE प्रेसिडेंट से मिडिल ईस्ट के हालात पर बात की     |   US-इजराइली अटैक में तेहरान में ईरानी डिप्लोमैटिक पुलिस सेंटर को निशाना बनाया गया     |   इजरायल ने हिजबुल्लाह के सीनियर कमांडरों और दर्जनों आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया     |   ओमान के पोर्ट सुल्तान कबूस के पास ऑयल टैंकर पर हमला, एक भारतीय की मौत     |   अमेरिका-इजरायल के हमले से किसी भी ईरानी न्यूक्लियर साइट को नुकसान नहीं: IAEA     |  

ब्रिटेन में भारतीय मूल की महिला से ‘नस्ल’ के कारण दुष्कर्म, पुलिस ने जारी की अपील

ब्रिटेन पुलिस ने उत्तरी इंग्लैंड में 20 साल की एक महिला से उसकी ‘‘नस्ल’’ के कारण दुष्कर्म की घटना के बाद एक श्वेत संदिग्ध का पता लगाने के लिए अपील जारी की है। ऐसा माना जा रहा है कि महिला भारतीय मूल की है।

‘वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस’ के अनुसार उसे शनिवार शाम वॉलसॉल के पार्क हॉल क्षेत्र में सड़क पर एक महिला के मुश्किल में होने की सूचना मिली। पुलिस ने संदिग्ध की सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए बताया कि इस अपराध को ‘‘नस्लीय हमला’’ माना जा रहा है।

मामले की जांच का नेतृत्व कर रहे ‘डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट’ (डीएस) रोनन टायरर ने कहा, ‘‘ये युवती पर एक बेहद भयावह हमला था। हम अपराधी को पकड़ने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। हमारी टीम साक्ष्य एकत्र कर रही हैं और आरोपी की पहचान करने पर काम कर रही है, ताकि उसे जल्द हिरासत में लिया जा सके।’’

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी ने उस समय इलाके में किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखा हो या उसके पास कोई सीसीटीवी फुटेज हो, तो वो जानकारी साझा करे। पुलिस के अनुसार, हमलावर की उम्र लगभग 30 साल है, वो श्वेत पुरुष है, छोटे बाल रखता है और हमले के वक्त काले कपड़ों में था। स्थानीय समुदायों का कहना है कि पीड़िता पंजाबी मूल की महिला है। ये घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ हफ्ते पहले पास के ओल्डबरी क्षेत्र में एक ब्रिटिश सिख महिला से भी उसकी ‘नस्ल’ के कारण दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आयी थी।

डीएस टायरर ने कहा कि फिलहाल दोनों मामलों को आपस में जोड़ा नहीं गया है। वॉलसॉल पुलिस के ‘चीफ सुपरिंटेंडेंट’ फिल डॉल्बी ने कहा कि समुदाय में भय और चिंता की भावना है, इसलिए इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। ‘सिख फेडरेशन यूके’ ने बताया कि वॉलसॉल की पीड़िता पंजाबी महिला है और आरोपी ने उसके घर का दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।