Breaking News

'हमें आपके स्वास्थ्य की चिंता है...' बबीता फोगाट की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील     |   मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप     |   छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगे अन्न हजारे     |   विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित     |   ‘युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’, अमित शाह का एक्स पोस्ट     |  

विश्व शतरंज चैंपियनशिप: गुकेश और लिरेन की 10वीं बाजी भी ड्रॉ, मुकाबला अब भी बराबरी पर

भारतीय चैलेंजर डी. गुकेश ने एक बार फिर चीन के मौजूदा चैंपियन डिंग लिरेन की चुनौती का डटकर सामना करते हुए शनिवार को सिंगापुर में चल रही विश्व शतरंज चैंपियनशिप की 10वीं बाजी भी ड्रॉ खेलकर मुकाबले को बराबरी पर बनाए रखा। ये गुकेश के लिए काले मोहरों से खेलते हुए सबसे आसान ड्रॉ रहा। लिरेन ने कोई जोखिम नहीं लिया और वे ड्रॉ से खुश भी थे। इस बाजी की शुरुआत ‘लंदन सिस्टम’ से हुई जिसमें खेल सहजता से आगे बढ़ता रहा। 

दोनों खिलाड़ी 36 चाल के बाद अंक बांटने पर सहमत हो गए। इन दोनों के बीच ये लगातार सातवीं बाजी थी जो ड्रॉ रही। दोनों खिलाड़ी अभी तक कुल आठ बाजी ड्रॉ खेल चुके हैं और वे पांच–पांच अंक लेकर बराबरी पर हैं।  जो भी खिलाड़ी पहले साढ़े सात अंक बनाएगा वो चैंपियनशिप जीतेगा। इस तरह से दोनों खिलाड़ी चैंपियन बनने से अब सिर्फ ढाई अंक पीछे हैं।

इस 25 लाख डालर की इनामी प्रतियोगिता में अब सिर्फ चार दौर की बाजी खेली जानी बाकी हैं। अगर 14 दौर के बाद भी मुकाबला बराबरी पर रहता है तो विजेता का फैसला करने के लिए ‘टाइम कंट्रोल’ के आधार पर मैच खेला जाएगा। चीन के 32 साल के लिरेन ने शुरुआती बाजी जीती थी जबकि भारत के 18 साल के ग्रैंडमास्टर गुकेश तीसरी बाजी जीतने में कामयाब रहे थे।