Breaking News

‘24 मार्च को होंगे पार्लियामेंट के लिए चुनाव’, डेनमार्क के प्रधानमंत्री का ऐलान     |   IND vs ZIM T20 WC: चेन्नई में ज‍िम्बाब्वे ने जीता टॉस, भारत की पहले बल्लेबाजी     |   महाराष्ट्र: सुनेत्रा अजित पवार को सर्वसम्मति से NCP का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया     |   भारत और इजरायल के बीच शिक्षा और AI से जुड़े समझौते हुए     |   पीएम मोदी का इजरायल दौरा: भारत और इजरायल के बीच कई समझौते हुए     |  

मुंबई पहुंचे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, PM मोदी से होगी मुलाकात, AI समिट में शामिल होंगे मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मंगलवार को अपने तीन दिन के भारत दौरे पर पहुंच गए हैं। 2017 में पद संभालने के बाद यह उनकी चौथी भारत यात्रा है। महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य लोगों ने उनका मुंबई एयरपोर्ट पर स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे मुंबई में ही मुलाकात करेंगे। दसॉल्ट राफेल लड़ाकू विमानों और आर्टिफिशियल इंटेलिजें को लेकर दोनों नेताओं के बीच बातचीत होनी है। 

फ्रांस नई दिल्ली के साथ अपना रक्षा सहयोग बढ़ाना चाहता है। ऐसे में 114 राफेल विमानों की खरीद को लेकर दोनों देशों के बीच निर्णायक बातचीत होनी है। वह भारत में हो रही एआई इंपैक्ट समिट में शामिल होने के लिए भारत आए हैं। हाल ही में भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच फ्री ट्रेड डील हुई है। इसे 'मदर ऑफ ऑल डील्स' कहा गया है।

मुंबई मे इमैनुएल मैक्रों और पीएम मोदी भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। दोनों नेताओं की बातचीत रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने तथा उन्हें नए और उभरते क्षेत्रों तक विस्तारित करने पर केंद्रित रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह भारत द्वारा आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट' में भाग लेंगे और मुंबई में प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय शिखर वार्ता करेंगे। यह उनकी भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा होगी। कार्यक्रम के अनुसार, 17 फरवरी को अपराह्न लगभग सवा तीन बजे दोनों नेता मुंबई स्थित लोक भवन में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके बाद शाम लगभग सवा पांच बजे वे 'भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026' का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप, शोधकर्ताओं तथा नवाचारकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा था कि भारतीय सेना और फ्रांसीसी थल सेना प्रतिष्ठानों में अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती के संबंध में भी घोषणा होने की उम्मीद है। रक्षा पारंपरिक रूप से दोनों देशों के संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहा है। 2024-2025 में कई उच्च स्तरीय आदान-प्रदानों के माध्यम से मजबूत और स्थायी द्विपक्षीय संबंध स्पष्ट रूप से सामने आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी जुलाई 2023 में बैस्टिल डे परेड में विशिष्ट अतिथि थे, जिसके बाद फ्रांस के राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस परेड 2024 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी। फ्रांस के राष्ट्रपति का यह दौरा कई मायनों में खास माना जा रहा है।