Breaking News

BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |   मुंबई में महंगाई का डबल अटैक... महंगी हुई CNG-PNG, ऑटो और काली-पीली टैक्सी का किराया भी बढ़ा     |   हिमाचल: नालागढ़ पुलिस स्टेशन IED ब्लास्ट केस में 3 और गिरफ्तार, NIA के शिकंजे में अब 6 आरोपी     |   यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी एयर स्ट्राइक, 3 की मौत; 5 घायल     |   होर्मुज स्ट्रेट में टैंकर पर हमला, 3 अज्ञात प्रोजेक्टाइल से टकराने की खबर     |  

आवारा कुत्ते के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत, आक्रोशित लोगों ने कुत्ते को मार डाला

केरल में त्रिशूर जिले के वेल्लारक्कड इलाके में कथित रूप से एक आवारा कुत्ते द्वारा 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर घातक हमला किए जाने की घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने उस कुत्ते को मार डाला।  पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग महिला कार्तियानी चल-फिर नहीं सकती थीं और बिस्तर पर थीं और उनके बेटे देवदासन भी स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित हैं। इन दोनों पर गुरुवार शाम को कुत्ते ने हमला कर दिया था।

हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने आवारा कुत्ते की तलाश की और गुरुवार रात दो बजे उसे ढूंढ निकाला और उसे जान से मार दिया। पशु चिकित्सक कुत्ते के शव की जांच करेंगे और यह पता लगाएंगे कि कहीं उसे रैबीज तो नहीं था। पुलिस ने बताया कि कार्तियानी के अलावा, कुत्ते ने आसपास के तीन लोगों और तीन अन्य कुत्तों पर भी हमला किया था।

इस बीच, एरुमापेट्टी पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना के संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया। कार्तियानी का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने बताया कि देवदासन को शुक्रवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना का पता तब चला जब कार्तियानी का दूसरा बेटा मणि, रात को खाना लेकर घर पहुंचा। मणि ने देवदासन को गंभीर रूप से घायल पाया जबकि कार्तियानी अपने कमरे में खून से लथपथ पड़ी थीं। दोनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने बुजुर्ग महिला को मृत घोषित कर दिया।