प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज ऑस्ट्रेलिया दौरे का तीसरा दिन है। आज पीएम मोदी ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। इसके बाद प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया में विपक्ष के नेता एंगस टेलर से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ऑस्ट्रेलिया दौरे के तीसरे दिन मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। पीएम मोदी ने स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और अन्य लोगों के साथ भी गर्मजोशी से मुलाकात की। ऑस्ट्रेलिया के बाद पीएम मोदी न्यूजीलैंड दौरे पर रवाना होंगे। पीएम मोदी ने मेलबर्न स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारत में बिगबैश लीग कराने का एलान भी किया। भारत पहली बार बिग बैश लीग (BBL) के मैचों की मेजबानी करेगा। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि भारत में पहली बार बिग बैश लीग का मैच 12 दिसंबर को चेन्नई में कराया जाएगा। चेन्नई के क्रिकेट ग्राउंड- चेपॉक में बिग बैश लीग का पहला मुकाबला खेला जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के विपक्ष के नेता एंगल टेलर से मुलाकात की। इस मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा, 'ऑस्ट्रेलिया के विपक्ष के नेता एंगल टेल से मुलाकात की। भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की बढ़ती मजबूती और आगे आने वाले कई अवसरों पर हमारी सार्थक बातचीत हुई। ऑस्ट्रेलिया में हमारी साझेदारी को मिल रहे प्यार और समर्थन की मैं तहे दिल से सराहना करता हूं।'
मेलबर्न में जब ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानीज ने कहा कि इस साल बिग बैश लीग (बीबीएल) का उद्घाटन मैच भारत के चेन्नई में खेला जाएगा, तो पीएम मोदी ने मेजबानी मिलने पर खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा, जब भी मुझे अपने मित्र प्रधानमंत्री अल्बानीज से मिलने का मौका मिला है, क्रिकेट हमारे बीच एक स्वाभाविक जुड़ाव का माध्यम रहा है। हम अहमदाबाद में स्टेडियम गए थे, और आज यहां आकर मैं खेल भावना को सचमुच महसूस कर सकता हूं।
मेलबर्न स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने बताया कि भारत तेजी से खेल की बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा, भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने जा रहा है। हम 2036 में भारत में ओलंपिक की मेजबानी करने के लिए भी प्रयासरत हैं। ब्रिस्बेन 2032 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा। क्रिकेट भारत और ऑस्ट्रेलिया के स्वाभाविक जुड़ाव का माध्यम रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेलों में सहयोग बढ़ाने का ऐलान किया। दोनों नेताओं ने मिलकर भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप लॉन्च किया। इस रोडमैप का मकसद दोनों देशों के खेल संबंधों को मजबूत करना है। इसके तहत बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी, खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, नई तकनीक, शोध और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम किया जाएगा। साथ ही, इससे व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह रोडमैप दोनों देशों के बीच सहयोग को सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और तकनीक जैसे कई नए क्षेत्रों तक बढ़ाएगा।