Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

पश्चिमी तुर्किये में 6.1 तीव्रता का भूकंप, कई इमारतें ढहीं

पश्चिमी तुर्किये में सोमवार को 6.1 तीव्रता का भूकंप आने से कम से कम तीन इमारतें ढह गईं। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जो इमारतें ढही हैं, वे पूर्व में आए एक भूकंप की वजह से पहले ही क्षतिग्रस्त थीं।

आपदा और आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (एएफएडी) के अनुसार, स्थानीय समयानुसार रात 10 बजकर 48 मिनट पर आए 6.1 तीव्रता के इस भूकंप का केंद्र बालिकेसिर प्रांत के सिंदिरगी शहर में जमीन से 5.99 किलोमीटर की गहराई में था।

भूकंप के बाद आए कई झटके इस्तांबुल और आसपास के बर्सा, मनीसा और इजमिर प्रांतों में महसूस किए गए। देश के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि सिंदिरगी में कम से कम तीन खाली इमारतें और दो मंजिला एक दुकान ढह गई। ये इमारतें पहले आए भूकंप में क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं।

बालिकेसिर के गवर्नर इस्माइल उस्ताओग्लू ने बताया कि भूकंप की वजह से 22 लोग घायल हो गए। सिंदिरगी के जिला प्रशासक डोगुकन कोयुनकू ने सरकारी अनादोलु एजेंसी से कहा, ‘‘किसी की मौत होने की फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है लेकिन हम अपना आकलन जारी रखे हुए हैं।’’

अगस्त में सिंदिरगी में भी 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दर्जनों बाकी लोग घायल हो गए थे। तब से बालिकेसिर के आसपास के इलाकों में कम तीव्रता वाले भूकंप आते रहे हैं।

तुर्किये में 2023 में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप की वजह से 53,000 लोगों की मौत हो गई थी और 11 दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी प्रांतों में लाखों इमारतें नष्ट या क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पड़ोसी देश सीरिया के उत्तरी हिस्सों में भी 6,000 लोग मारे गए थे।