Breaking News

इराक के पास तेल टैंकरों पर हमला, एक भारतीय की मौत     |   लोकसभा का कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित     |   अमरावती: मिडिल ईस्ट युद्ध के मद्देनजर CM नायडू ने कलेक्टरों की बैठक में LPG भंडार-आपूर्ति की समीक्षा की     |   स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से पार होंगे भारतीय जहाज, जयशंकर-अराघची के फोन कॉल में बनी बात     |   महाराष्ट्र विधानसभा भवन को मिला धमकी भरा ईमेल, मौके पर पहुंचा बम निरोधक दस्ता     |  

मिडिल ईस्ट के लिए आज एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की 58 फ्लाइट्स भरेंगी उड़ान

मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब वैश्विक हवाई यात्रा पर साफ दिखाई देने लगा है। कई देशों ने अपने एयरस्पेस को सीमित या बंद कर दिया है, जिसके कारण हजारों यात्री पश्चिम एशिया में फंस गए हैं। ऐसे मुश्किल हालात में भारत सरकार और भारतीय एयरलाइंस ने राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। एअर इंडिया, एअर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने मिडिल ईस्ट के कई शहरों के लिए विशेष उड़ानों की घोषणा की है, ताकि यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके और जरूरत पड़ने पर उन्हें वापस लाया जा सके।

मिडिल ईस्ट में हाल ही में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई है। इसके चलते कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिए हैं या उसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस स्थिति का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है। कई फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा या उनका रूट बदलना पड़ा, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। भारत और पश्चिम एशिया के बीच बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं, इसलिए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और आवाजाही सुनिश्चित करना सरकार के लिए प्राथमिकता बन गया है। इसी को देखते हुए भारतीय विमानन कंपनियों ने चरणबद्ध तरीके से उड़ानों को फिर से शुरू करने और अतिरिक्त फ्लाइट्स चलाने की योजना बनाई है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस पश्चिम एशिया से आने-जाने के लिए कुल 58 शेड्यूल और नॉन-शेड्यूल उड़ानों का संचालन करने जा रही हैं। एअर इंडिया ग्रुप ने अपने बयान में बताया कि, यात्रियों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए विशेष उड़ानों की व्यवस्था की गई है। हालांकि, इन उड़ानों का संचालन एयरपोर्ट स्लॉट की उपलब्धता और नियामकीय अनुमति मिलने पर निर्भर करेगा।

एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए 36 अतिरिक्त उड़ानें भी संचालित कर सकती हैं, जिन्हें परिस्थितियों के अनुसार शेड्यूल किया जाएगा। एयरलाइन का कहना है कि, इन उड़ानों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित यात्रा विकल्प देना और जरूरत पड़ने पर निकासी सहायता उपलब्ध कराना है।

एअर इंडिया ने भारत और सऊदी अरब के बीच यात्रियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए दिल्ली और मुंबई से जेद्दा के लिए विशेष राउंड-ट्रिप उड़ानों की घोषणा की है। इसके अलावा एअर इंडिया एक्सप्रेस भी जेद्दा के लिए अतिरिक्त सेवाएं शुरू कर रही है।

इनमें शामिल हैं-

  • हैदराबाद - जेद्दा
  • कोझिकोड -जेद्दा

दोनों रूट पर एक-एक राउंड-ट्रिप फ्लाइट संचालित की जाएगी। इससे उन यात्रियों को राहत मिलेगी जो पिछले कुछ दिनों से यात्रा के लिए इंतजार कर रहे थे। एअर इंडिया एक्सप्रेस ने ओमान के मस्कट के लिए अपनी निर्धारित उड़ानें जारी रखने का फैसला किया है।

इन उड़ानों में शामिल हैं-

  • दिल्ली - मस्कट
  • मुंबई - मस्कट
  • कन्नूर - मस्कट
  • तिरुवनंतपुरम - मस्कट
  • तिरुचिरापल्ली - मस्कट
  • कोच्चि - मस्कट (दो राउंड-ट्रिप)

कुल मिलाकर मस्कट के लिए 14 उड़ानों का संचालन किया जाएगा। एयरलाइन ने कहा है कि, मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट को वैकल्पिक हवाई अड्डे के रूप में भी उपयोग किया जा सकता है, ताकि अन्य एयरपोर्ट पर प्रतिबंध होने की स्थिति में उड़ानों का संचालन जारी रखा जा सके।