Breaking News

एकता-विविधता भारत के डीएनए में है, मैडिसन स्क्वायर में बोले मोहन भागवत     |   किश्तवाड़ में छात्रा से दुष्कर्म मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई     |   CM मोहन यादव ने सतना-रीवा में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया     |   ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी मददगार अफगान के रिश्तेदार को सेंट्रल अफ्रीकी गणराज्य भेजा     |   नेपाल के कई जिलों में भोटे कोशी नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट जारी     |  

इंडिया गेट के पास कनाडाई पर्यटक से iPhone 16 छीना, पुलिस ने मामला किया दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र कर्तव्य पथ के पास इंडिया गेट पर एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने कनाडा से आए एक नागरिक का iPhone 16 उस समय छीन लिया, जब वह सेल्फी ले रहा था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो 20 मई को कनाडा से दिल्ली आए थे और एरोसिटी के एक होटल में ठहरे हुए थे। 22 मई की रात करीब 1 बजे वह इंडिया गेट के पास शेरशाह सूरी रोड स्थित आर्मी ऑफिस के सामने सेल्फी ले रहे थे।

इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। पुलिस के मुताबिक बाइक के पीछे बैठे युवक, जिसने गुलाबी रंग की शर्ट पहन रखी थी, ने अचानक पीड़ित के हाथ से iPhone 16 छीना और दोनों आरोपी मथुरा रोड की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कर्तव्य पथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

वहीं, दिल्ली के रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना क्षेत्र के जैन नगर इलाके में एक पार्टी के दौरान कथित तौर पर हुई फायरिंग में 21 वर्षीय युवक घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक घायल युवक की पहचान राजा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान उसके एक दोस्त की पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो राजा के पेट में जा लगी।

घटना के तुरंत बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद मौके पर मौजूद उसके साथी वहां से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में फायरिंग को हादसा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।