Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

पश्चिम बंगाल चुनाव: 2,926 उम्मीदवार मैदान में, दो चरणों में होगा मतदान

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मंगलवार को घोषणा की कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कुल 2,926 उम्मीदवार मैदान में हैं। आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, राज्य में मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। अंतिम सूची के मुताबिक, पहले चरण में 152 सीटों पर 1,478 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर 1,448 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 9 अप्रैल थी, नामांकन पत्रों की जांच 10 अप्रैल को हुई और उम्मीदवारों को 13 अप्रैल दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने का मौका दिया गया।

निर्वाचन आयोग ने रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उम्मीदवारों की अंतिम सूची को आधिकारिक गजट में प्रकाशित करें और सभी चुनावी दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से सीलबंद लिफाफों में रखें। साथ ही, EVM के बैलेट पेपर में उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीर, क्रम संख्या और चुनाव चिह्न शामिल किए जाएंगे, ताकि मतदाताओं को पहचानने में आसानी हो।

इस बार पश्चिम बंगाल में सियासी मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है, जहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) लगातार चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में घुसपैठ के मुद्दे पर टीएमसी सरकार को घेरा और कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग के लिए जरूरी जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने रैलियों में टीएमसी पर निशाना साधते हुए चेतावनी भी दी कि मतदान के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।