Breaking News

संसद में हंगामे के बीच अमित शाह से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मुलाकात की     |   बच्चे की मौत पर पटना में बवाल, गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ियों को फूंक डाला     |   छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठेंगे निशिकांत, मांगी मंजूरी     |   हेट स्पीच केस: महुआ मोइत्रा को SC से राहत नहीं, याचिका पर सुनवाई से किया इनकार     |   शिवसेना सांसदों से PM मोदी की मुलाकात, बोले- ‘किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं, मैं आपके साथ हूं’     |  

मौसम अलर्ट: कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान, ओडिशा में बेहद भारी बारिश की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को अगले 24 घंटे के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि ओडिशा में कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश होने की संभावना है। IMD की ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, यह चेतावनी 8 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगी। विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि मानसून की गतिविधियां अभी भी तेज बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में मानसून सक्रिय है। ऐसे में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनने के साथ सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा तटीय कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, केरल-माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

IMD ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम-त्रिपुरा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी-कराईकल, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम अपडेट और प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की अपील की है। इस बीच, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत IMD केरल के वायनाड जिले के पुलपल्ली में X-Band डॉप्लर वेदर रडार (DWR) परियोजना पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य मौसम की निगरानी को मजबूत करना और भारी बारिश व बादल फटने जैसी घटनाओं के लिए समय पर चेतावनी जारी करने की क्षमता बढ़ाना है।