Breaking News

नरेला की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, करीब 1 दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर     |   बिहार में नई एनडीए सरकार बनने के बाद जेडीयू ने बुलाई विधायक दल की बैठक     |   ईरान युद्ध खत्म होने की उम्मीद में तेल कीमतों में गिरावट     |   न्यूयॉर्क को बर्बाद कर रहे हैं जोहरान ममदानी: ट्रंप     |   इज़रायल संग सीजफायर के बाद लेबनान में जश्न, बेरूत में आतिशबाजी और हवाई फायरिंग     |  

लोकसभा में आज महिला आरक्षण बिल पर वोटिंग, लोकसभा में होगा बड़ा फैसला

देश की आधी आबादी के लिए आज ऐतिहासिक दिन है क्योंकि आज लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर शाम 4 बजे वोटिंग होगी। इससे पहले नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर गुरुवार देर रात तक संसद सत्र जारी रहा। संसद में देर रात तक महिलाओं के आरक्षण, संविधान संशोधन और परिसीमन से जुड़े तीन बिलों पर चर्चा चलती रही। कई बार लोकसभा की कार्यवाही बढ़ाई गई। पहले सदन की कार्यवाही पहले रात 11 बजे तक बढ़ाई गई। इसके बाद 12 बजे तक, फिर 1 बजे तक और आखिर में सांसदों के बोलने तक चलती रही। इस दौरान सदन में बड़ी संख्या में सांसद मौजूद रहे और बिल पर हो रही चर्चा में हिस्सा लिया।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने महिला सांसदों की भागीदारी और मौजूदगी की तारीफ की। उन्होंने कहा, ''महिला आरक्षण बिल पर प्रतिबद्धता देखो, इतनी देर रात तक महिलाएं सदन में बैठी हैं। सदन में गिनती कर लो, आज पुरुषों का समय नहीं है।'' सदन की कार्यवाही के दौरान एक-एक महिला सांसदों से पूछ-पूछकर उन्हें बोलने का मौका दिया गया। 

महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान गुरुवार को पीएम मोदी ने लोकसभा में सभी पार्टियों के इसका समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बिल को राजनीतिक तराजू से न तौलें। पीएम मोदी ने विपक्ष के नेताओं को समझाया कि इस बिल का सपोर्ट करने में विपक्ष का भी फायदा है। साथ ही उन्होंने विपक्ष को बता दिया कि जिसने भी देश की महिलाओं का विरोध किया। महिलाओं ने उन्हें माफ नहीं किया है। उन्होंने इस बिल पर 33 फीसदी महिला आरक्षण पर सर्वसम्मति की अपील की।

विपक्षी पार्टियां महिला आरक्षण बिल के समर्थन में हैं लेकिन महिला आरक्षण बिल के साथ डिलिमिटेशन जुड़ जाने से विपक्ष इसके खिलाफ है। विपक्ष की मांग है कि सरकार महिला आरक्षण बिल को  डिलिमिटेशन से अलग करें। समाजवादी पार्टी की मांग है कि महिलाओं को आरक्षण सीटों पर नहीं बल्कि पार्टियों के अंदर होना चाहिए। वहीं, विपक्ष का आरोप है कि महिला आरक्षण बिल को लेकर सरकार की नीयत साफ नहीं है।

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार इस बिल के जरिए संविधान को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार यह विधेयक लाई है क्योंकि वह OBC  को भागीदारी नहीं देना चाहती है। प्रियंका ने कहा, ''2011 की जनगणना को परिसीमन का आधार बनाकर पीएम मोदी ओबीसी वर्ग का हक छीनना चाह रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसा कभी नहीं होने देगी।'' उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी ने जिस ''राजनीति की बू'' का जिक्र किया, वह इस विधेयक में पूरी तरह घुली हुई है।

वहीं प्रियंका के आरोपों पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने जोरदार पलटवार किया। कंगना ने पीएम मोदी को सबसे बड़ा नारीवादी बताया और एक चर्चित फिल्म के संवाद का हवाला देते हुए कहा कि ''सरकार ने देश की बेटियों और महिलाओं से कहा है, सारे पिंजरे टूट गए, सारी दीवारें टूट गईं, जा जी ले अपनी जिंदगी।'' कंगना ने हिन्दी फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' के मशहूर डायलॉग 'जा सिमरन, जी ले अपनी जिंदगी' का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की।

कंगना ने बिलों को लेकर सरकार के इरादे पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि सत्ता में रहते हुए विपक्षी दल ने इसे लंबे समय तक लटकाए क्यों रखा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि वे सवाल करते हैं कि सरकार विधेयक लाने में इतनी जल्दबाजी क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि क्या सरकार को इसे लटकाए रखना चाहिए? रनौत ने कहा कि उन्हें लगता है कि पीएम मोदी महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए जल्दबाजी कर रहे हैं। जो 60 वर्ष में नहीं हुआ, वह उन्होंने 10 वर्ष में कर दिखाया।