Breaking News

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी CBI की बैठक के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंचे     |   बीजेपी विधायक तपस रॉय ने बंगाल विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के तौर पर ली शपथ     |   बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस को 10 दिन की ईडी कस्टडी में भेजा गया     |   NEET परीक्षा मामले में नासिक पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया     |   सीबीआई ने NEET पेपर लीक मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की     |  

काले सूट में मुख्यमंत्री बने विजय, राहुल गांधी संग सेल्फी ने बटोरी सुर्खियां

तमिल फिल्म अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष विजय ने रविवार को तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में विजय ने काले सूट और सफेद शर्ट में आधुनिक अंदाज में शपथ ली, जो तमिलनाडु की पारंपरिक धोती-कुर्ता शैली से अलग था।

शपथ लेने के बाद विजय ने समारोह में मौजूद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य नेताओं के साथ मंच पर सेल्फी लेकर इस खास मौके को यादगार बना दिया। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल से पूरे स्टेडियम का 360 डिग्री वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उपस्थित समर्थकों का उत्साह कैद हुआ।

राज्यपाल आर.एन. रवि की जगह राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी शपथ ली। इनमें 'बुस्सी' एन आनंद, आधव अर्जुना, के.ए. सेंगोट्टैयन, के.जी. अरुणराज, पी. वेंकटरमणन, सी.टी.आर. निर्मल कुमार, ए. राजमोहन, कीर्तना और के.टी. प्रभु शामिल हैं।

समारोह में विजय के माता-पिता एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा, अभिनेत्री तृषा समेत फिल्म जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं। शपथ लेने के बाद अपने संबोधन में विजय ने कहा, "आइए, हम सब मिलकर तमिलनाडु को एक नई सरकार दें। यह एक नई शुरुआत है, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के नए युग का आरंभ है।"

उन्होंने कहा, "मेरे प्यारे लोगों, मेरा अपना परिवार, मैं कोई देवदूत या पैगंबर नहीं हूं। मैं एक सामान्य जीवन जीने वाला साधारण इंसान हूं। मैं आपसे झूठे वादे नहीं करूंगा, केवल वही वादा करूंगा जो संभव है।" भावुक होते हुए विजय ने कहा, "मैं किसी शाही परिवार से नहीं आता। मैं आपके बेटे, बेटी, बड़े भाई या छोटे भाई की तरह हूं। आपने मुझे इसी रूप में देखा और मुझे सिनेमा में इतना बड़ा स्थान दिया।"

युवा मतदाताओं का विशेष रूप से आभार जताते हुए विजय ने कहा कि "विजय मामा" हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। 51 वर्षीय विजय के साथ मंच पर राहुल गांधी के अलावा विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) के नेता भी मौजूद रहे। विजय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और के.सी. वेणुगोपाल का विशेष धन्यवाद किया।

2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए 234 में से 108 सीटों पर जीत दर्ज की। यह राज्य की राजनीति में ऐतिहासिक परिणाम रहा, क्योंकि पहली बार DMK और AIADMK दोनों सत्ता से बाहर हो गए। हालांकि TVK अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद कांग्रेस (5), CPI(M) (2), CPI (2), VCK (2) और IUML (2) ने समर्थन देकर विजय को सरकार बनाने में मदद की। विजय को कुल 120 विधायकों का समर्थन प्राप्त हुआ।