इंडिया ब्लॉक से उपराष्ट्रपति पद के लिए बी. सुदर्शन रेड्डी के नाम के ऐलान के साथ ही उपराष्ट्रपति पद के लिए रेस तेज हो गई है। आज NDA के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम मौजूद रहेंगे। सीपी राधाकृष्णन के नामांकन में पीएम मोदी खुद प्रस्तावक बनेंगे।
राधाकृष्णन की तरफ से कुल चार सेट नॉमिनेशन फाइल किया जाएगा। हर सेट पर 20 प्रस्तावक और 20 अनुमोदक सांसदों के हस्ताक्षर होंगे। एक सेट में पहले प्रस्तावक के तौर पर प्रधानमंत्री के हस्ताक्षर होंगे। ऐसे ही तीन सेट सेट और फाइल होंगे, जिसमें केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए सांसदों के हस्ताक्षर होंगे।
वहीं, इंडिया अलायंस ने उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को बनाया है। मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर विपक्ष दलों के नेताओं की मीटिंग हुई जिसमें बी. सुदर्शन रेड्डी के नाम पर मुहर लगी। बी सुदर्शन रेड्डी तेलंगाना के हैं। आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के जज और गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रह चुके हैं। 2011 में सुप्रीम कोर्ट से रिटायर हुए। तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार ने जातिगत सर्वे के आंकड़ों की एनालिसिस के लिए जो कमेटी बनाई थी, बी सुदर्शन रेड्डी उस कमेटी के अध्यक्ष थे।
सुदर्शन रेड्डी 21 अगस्त को नामांकन करेंगे। उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए और इंडिया ब्लॉक से उम्मीदवारों के नामों का ऐलान होने के बाद अब सांसदों की खेमें बंदी भी शुरू हो गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एनडीए की तरफ से विपक्षी दलों से बात रहे हैं। वहीं, मंगलवार को सीपी राधाकृष्णन ने भी एनडीए के नेताओं से मुलाकात की और समर्थन मांगा।