Breaking News

ईरान जंग में ट्रंप के बड़े सपोर्टर लिंडसे ग्राहम का 71 साल की उम्र में निधन     |   ओमान तट के पास कमर्शियल शिप पर बड़ा हमला, 11 भारतीय थे सवार, एक लापता     |   शख्स को चाकू से गोदकर मारने वाले 5 नाबालिग गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने सुलझाई गुत्थी     |   संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू ने मानसून सत्र को लेकर 19 जुलाई को बुलाई सर्वदलीय बैठक     |   पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुए     |  

उत्तराखंड: लगातार बारिश से चारधाम यात्रा प्रभावित, केदारनाथ हाईवे पर भूस्खलन, मलबा हटाने में जुटा प्रशासन

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते सोनप्रयाग के पास मुक्खटिया (मुनकटिया) क्षेत्र में भूस्खलन होने से केदारनाथ हाईवे अवरुद्ध हो गया, जिससे चारधाम यात्रा प्रभावित हुई है। सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने के लिए जेसीबी समेत अन्य मशीनें लगाई गई हैं। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से हालात की निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) नंदन सिंह राजवार ने बताया कि सड़क अवरुद्ध होने के बावजूद केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से जारी है और प्रभावित मार्ग को जल्द खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "गौरीकुंड के पास मुक्खटिया क्षेत्र में सड़क अवरुद्ध है, जहां जेसीबी मशीनें मलबा हटाने में लगी हुई हैं। जल्द ही मार्ग खोल दिया जाएगा। यात्रा मार्ग पर सेक्टर अधिकारी, कर्मचारी और रेस्क्यू टीम लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत श्रद्धालुओं की सहायता की जा सके। जिला मजिस्ट्रेट ने भी सभी जिम्मेदार अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।"

प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वहीं, पड़ोसी टिहरी गढ़वाल जिले में मसूरी बेंड (कैंपटी) के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण नैनबाग मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

टिहरी पुलिस के अनुसार, मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं और युद्धस्तर पर सड़क साफ करने का काम जारी है, ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके। पुलिस ने लोगों से केवल अत्यावश्यक होने पर ही यात्रा करने और यातायात संबंधी सभी आधिकारिक एडवाइजरी एवं निर्देशों का पालन करने की अपील की है।