मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर आज हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक निजी होटल में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट से प्रदेश को काफी फायदा होने वाला है। उन्होंने कहा कि यह बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मजबूत आधारशिला रखता है।
आज हल्द्वानी पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट को लेकर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट “विश्वास का बजट” है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मजबूत आधारशिला रखता है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला है और भविष्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।
सीएम धामी ने कहा कि बजट में उत्तराखंड सहित सभी राज्यों के हित सुरक्षित रखे गए हैं। विशेष रूप से सीमांत इलाकों को मजबूती देने पर सरकार का फोकस है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और वहां रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट स्थायी रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला है, खासतौर पर युवाओं के लिए।
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन को उत्तराखंड के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस योजना के तहत राज्य में बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के लिए केंद्र सरकार द्वारा 67,670 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य तेजी से पूरा होगा। कृषि और महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट यह स्पष्ट करता है कि किसान मजबूत होंगे। किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। वहीं महिला सशक्तिकरण को भी बजट में मजबूती दी गई है, जिससे महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी और बढ़ेगी।
पर्यटन के क्षेत्र में बजट को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और इको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। उड़ान जैसी योजनाएं उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए बेहद अहम हैं, जिससे हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी और पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे के क्षेत्र में हुए कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना अब अंतिम चरण में है। इस परियोजना के पूरे होनी से चारधाम यात्रा, पर्यटन और राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
कुल मिलाकर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट को उत्तराखंड और देश के सर्वांगीण विकास वाला बजट बताया। अमरीका से हुई ट्रेड डील पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के उत्पाद के साथ साथ अब प्रदेश के उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी। इसके लिए हम पूरी तरह तैयार है। जमरानी बांध पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से अधर पर लटकी योजना को डबल इंजन सरकार ने धरातल में उतारा है जिसका लाभ तराई के साथ साथ आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की औपचारिकता पूरी हो चुकी है। जल्द ही इंटरनेशनल मानक का एयरपोर्ट सामने आने वाला है। कैची धाम में श्रद्धालुओं को जाम में न फसाना पड़े। इसके लिए बाईपास का निर्माण चल रहा है।