Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

UPITS-2026 का समापन, यूपीएसडीएम को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल’ का पुरस्कार

ग्रेटर नोएडा में पांच दिनों तक चले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS) का मंगलवार को समापन हो गया। व्यापार शो के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के पवेलियन को हॉल नंबर-7 में ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल’ का पुरस्कार मिला।

यूपीएसडीएम के पवेलियन में युवाओं के कौशल और हुनर को अलग-अलग गतिविधियों के जरिए प्रदर्शित किया गया था। स्टॉल की प्रस्तुति, संवादात्मक गतिविधियों और 16 कौशलों के लाइव प्रदर्शन ने निर्णायकों और आगंतुकों का ध्यान खींचा।

मिशन की ओर से सहायक निदेशक डॉ. एम.के. सिंह ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस उपलब्धि पर मिशन निदेशक पुलकित खरे ने पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश के युवाओं के हुनर और टीम की मेहनत का परिणाम है।

लोक गायन से गूंजा यूपीएसडीएम पवेलियन

UPITS के अंतिम दिन यूपीएसडीएम पवेलियन में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। डॉ. मालविका हरिओम ने अपनी टीम के साथ लोक गायन की प्रस्तुति दी। उनके गीतों से पूरा पवेलियन सुरों से गूंज उठा। कार्यक्रम देर शाम तक चला और युवाओं ने लोकगीतों को खूब पसंद किया।

इसके अलावा ‘हुनर मंच’ पर भी दिनभर विभिन्न प्रस्तुतियां होती रहीं। व्यापार शो में पहुंचे लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और यूपीएसडीएम के स्टॉल पर पहुंचकर अलग-अलग कौशलों के लाइव प्रदर्शन को करीब से देखा।

युवाओं के हुनर को मिला वैश्विक मंच

पांच दिनों के दौरान यूपीएसडीएम ने अपने पवेलियन में प्रदेश के युवाओं की कौशल क्षमता, रचनात्मकता और हुनर को प्रदर्शित किया। लाइव स्किल डेमो, संवादात्मक गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए आगंतुकों को कौशल विकास से जुड़ी जानकारी दी गई।

UPITS-2026 के माध्यम से उत्तर प्रदेश के युवाओं और उनके कौशल को देश-विदेश से आए आगंतुकों के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिला।