Breaking News

‘ED पार्टी को पंजाब से भगाना है’, निकाय चुनाव नतीजों पर केजरीवाल का X पोस्ट     |   दिल्ली-एनसीआर में GRAP-1 की पाबंदियां हटाई गईं     |   आईपीएस महेश कुमार अग्रवाल को तमिलनाडु का डीजीपी नियुक्त किया गया     |   डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी शनिवार को आगरा पहुंचेंगी, रविवार को देखेंगी ताजमहल     |   UP: हमीरपुर पुल ढहने के मामले में असिस्टेंट इंजीनियर गजेंद्र कुमार चौधरी सस्पेंड     |  

ट्विशा शर्मा मौत मामला: CBI ने सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह की रिमांड बढ़ाने की मांग की

नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की कथित दहेज मृत्यु मामले में जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को भोपाल जिला अदालत में बड़ा कदम उठाते हुए ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह की पांच दिन की रिमांड मांगी। साथ ही CBI ने आरोपी पति समर्थ सिंह की रिमांड भी पांच दिन बढ़ाने का अनुरोध किया है। गिरिबाला सिंह को शुक्रवार को भोपाल जिला अदालत में पेश किया गया। उनके वकील ने अदालत में कहा कि उन्हें CBI की रिमांड मांग पर कोई आपत्ति नहीं है।

CBI ने गुरुवार को पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा उनकी अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के एक दिन बाद हुई। हाईकोर्ट ने 15 मई को भोपाल की 10वीं अतिरिक्त सत्र अदालत द्वारा दी गई राहत को निरस्त कर दिया था। नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई को ट्विशा की मौत के बाद उनके परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और दहेज निषेध अधिनियम 1961 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। गिरिबाला सिंह पर दहेज मृत्यु, महिला के साथ क्रूरता और साझा आपराधिक मंशा से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम की धाराएं 3 और 4 भी लगाई गई हैं।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच CBI को सौंपते हुए एजेंसी को तेजी से जांच पूरी करने के निर्देश दिए थे। साथ ही कोर्ट ने ट्विशा शर्मा के परिवार और आरोपियों से जांच को लेकर सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की अपील की थी। फिलहाल CBI ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।