Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

सोनाक्षी सिन्हा और ज्योतिका की फिल्म 'सिस्टम' का ट्रेलर रिलीज, 22 मई को होगी रिलीज

अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और ज्योतिका स्टारर कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'सिस्टम' का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। फिल्म का निर्देशन अश्विनी अय्यर तिवारी ने किया है, जबकि इसका निर्माण बवेजा स्टूडियोज के बैनर तले पम्मी बवेजा, हरमन बवेजा और स्मिता बालिगा ने किया है। फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत नेहा नाम की एक महत्वाकांक्षी युवा वकील से होती है, जिसका किरदार सोनाक्षी सिन्हा ने निभाया है। नेहा के पिता, जिनकी भूमिका आशुतोष गोवारिकर ने निभाई है, उसे अपने लॉ फर्म में पार्टनर बनने के योग्य साबित करने की चुनौती देते हैं।

इस चुनौती को पूरा करने के लिए नेहा सारिका (ज्योतिका) को अपने साथ जोड़ती है, जो एक तेज-तर्रार कोर्टरूम स्टेनोग्राफर है। हालांकि, सारिका के अपने कुछ छिपे हुए मकसद भी हैं। इसके बाद कहानी में अदालत की तीखी बहसें, उलझे रिश्ते और कई भावनात्मक व प्रभावशाली दृश्य देखने को मिलते हैं।

अपने किरदार के बारे में सोनाक्षी सिन्हा ने कहा, "नेहा का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद संतोषजनक अनुभव रहा। मैं हमेशा ऐसे किरदारों की ओर आकर्षित होती हूं जो मुझे एक कलाकार के रूप में चुनौती दें। 'दहाड़' के बाद अब 'सिस्टम' के जरिए मुझे एक अलग शैली और विषय पर काम करने का मौका मिला। यह फिल्म सिर्फ एक कानूनी ड्रामा नहीं है, बल्कि हमारे समाज की उन सच्चाइयों को भी सामने लाती है जहां न्याय सामाजिक ढांचे की तरह बंटा हुआ नजर आता है।"

ज्योतिका ने कहा, "सिस्टम में इतने परतदार किरदार को निभाना रोमांचक और चुनौतीपूर्ण दोनों रहा। फिल्म आधुनिक भारत के उस विरोधाभास को दिखाती है जहां विशेषाधिकार और असमानता साथ-साथ मौजूद हैं। अश्विनी अय्यर तिवारी ने कहानी को बेहद संवेदनशील और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया है।" फिल्म 'सिस्टम' में आशुतोष गोवारिकर, प्रीति अग्रवाल, आदिनाथ कोठारे, आश्रिया मिश्रा, गौरव पांडे और सायंदीप सेनगुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 22 मई को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। 'सिस्टम' को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता देखी जा रही है।