Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

Rajasthan: बीकानेर में सिलेंडर विस्फोट में मृतकों का आंकड़ा बढ़ा, संख्या बढ़कर हुई आठ

राजस्थान के बीकानेर के एक बाजार में सिलेंडर विस्फोट की घटना के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को मलबे से पांच और शव निकाले गए जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताया। 

शहर के मदान बाजार में बुधवार सुबह एक गैस सिलेंडर में विस्फोट से बेसमेंट में बनी दो मंजिल ढह गईं। इस बाजार की सभी दुकानों में आभूषण बनाने का काम किया जाता है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को बचाव अभियान में तीन शव निकाले गए थे। कोतवाली के थाना प्रभारी जसवीर कुमार ने बताया, ‘‘हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। एक गंभीर रूप से घायल है।’’ 

एक दुकानदार ने बताया कि इस हादसे में कई दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं और लाखों रुपये का सोना यहां दब गया है। एक जौहरी विकास सोनी ने बताया, ‘‘कल काम ज्यादा था, इसलिए पार्टी से मिलने के बाद आने में देर हो गई। मैं केवल 10 मिनट देरी से पहुंचा था, लेकिन इस देरी ने मेरी जान बचा ली।’’ 

सोनी ने कहा, ‘‘अगर मैं समय पर आ गया होता तो मेरी जान जा सकती थी। धमाके की आवाज सुनकर लगा कि हवाई हमला हुआ है। जब मैं बाजार पहुंचा तो मेरी दुकान भी तबाह हो चुकी थी।’’ 
मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘बीकानेर में कल गैस सिलेंडर फटने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। जिला प्रशासन दुर्घटना के बाद से ही लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता से लगा है और घायलों को समुचित उपचार एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।’’ 

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘बीकानेर में गैस सिलेंडर फटने से लोगों की दुखद मौत की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’