Breaking News

पुणे पुलिस ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को अनुमति दी     |   लखनऊ में DRI का बड़ा एक्शन, हाथीदांत की 54 कलाकृतियों के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार     |   कोलंबिया में भूकंप से भारी तबाही, मरने वालों की संख्या 314 पहुंची     |   अमेरिका का कर्ज 40 ट्रिलियन डॉलर के पार, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा राष्ट्रीय कर्ज     |   दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर से हटे बैरिकेड्स, सुरक्षा घेरा किया गया खत्म     |  

राजीव गांधी की जयंती आज, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 82वीं जयंती है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राजीव गांधी के परिवार के सदस्यों ने भी दिल्ली स्थित वीर भूमि पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी वीर भूमि पहुंचे और राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। उनके साथ सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे। परिवार के सदस्यों ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देकर उन्हें याद किया।

कई नेताओं ने किया याद

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण नमन।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत की विकास यात्रा में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

राजीव गांधी की जयंती हर साल 20 अगस्त को ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाई जाती है। इस दिन देशभर में सामाजिक सद्भाव, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाता है।

40 साल की उम्र में बने थे प्रधानमंत्री

राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई में हुआ था। 31 अक्टूबर 1984 को उनकी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला और इसके बाद देश के प्रधानमंत्री बने।

सिर्फ 40 वर्ष की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले राजीव गांधी भारत के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने 1984 से 1989 तक देश का नेतृत्व किया।

अपने कार्यकाल के दौरान राजीव गांधी ने तकनीकी आधुनिकीकरण, दूरसंचार के विस्तार और प्रशासनिक सुधारों पर जोर दिया। भारत में कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने तथा टेलीकॉम क्षेत्र के विस्तार में उनके प्रयासों को देश के तकनीकी विकास की नींव मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाता है।