Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

बांग्लादेश भागने की फिराक में था सैफ पर हमला करने वाला, मुंबई पुलिस ने दी जानकारी

मुंबई पुलिस के मुताबिक अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक, वारदात के बाद समाचार चैनलों पर अपनी तस्वीर देखकर घबरा गया था। इसके वो वापस अपने देश भागने की योजना बना रहा था। पुलिस ने सोमवार को ये जानकारी दी।

आरोपित की पहचान शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर के रूप में हुई है, जिसने अपना नाम बदलकर विजय दास रख लिया था। सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच के बाद रविवार को उसे गिरफ्तार किया गया। फुटेज में उसे हमले से एक हफ्ते पहले नौ जनवरी को बाइक चलाते हुए दिखाया गया था।

खान पर पिछले गुरुवार को उनके बांद्रा अपार्टमेंट में घुसपैठिए ने कई बार चाकू से हमला किया, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। हमले की इस वारदात ने 'सतगुरु शरण' बिल्डिंग में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़ा कर दिया है। सैफ अली खान यहां अपने परिवार के साथ रहते हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, मुंबई पुलिस की टीमों ने सबूत जुटाने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से घंटों फुटेज खंगाले।

शुरू में, पुलिस को अकेले हमलावर का पता लगाने में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बांग्लादेश के झालोकाटी का मूल निवासी फकीर पांच महीने से ज्यादा समय से मुंबई में रह रहा था। वो यहां छोटे-मोटे काम करता था और एक हाउसकीपिंग एजेंसी से जुड़ा हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि तकनीक की मदद से पुलिस ने सीसीटीवी में कैद घुसपैठिए की तस्वीर की पहचान की और नौ जनवरी को अंधेरी में एक चौराहे पर बाइक पर उसे देखा।

जांच में सकारात्मक मोड़ तब आया जब मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को बताया कि फकीर पहले उसके यहां काम करता था। इस सुराग से पुलिस को संदिग्ध का फोन नंबर मिल गया, जिसे निगरानी में रखा गया। इसके बाद शनिवार रात आरोपित ने वर्ली में सेंचुरी मिल के पास एक फूड स्टॉल पर डिजिटल भुगतान किया, जिसे पुलिस ने ट्रैक कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि इस डिजिटल फुटप्रिंट की मदद से पुलिस को ठाणे में उसकी लोकेशन का पता लगाने में मदद मिली। आरोपित को आखिरकार ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट में मजदूरों के एक शिविर के पास जमीन पर लेटा हुआ पाया गया।

पूछताछ के दौरान, फकीर ने कहा कि वो समाचार चैनलों और सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर देखकर घबरा गया था। अधिकारियों ने कहा कि उसने दावा किया कि वो बांग्लादेश वापस भागने की योजना बना रहा था। अधिकारियों ने कहा कि क्राइम सीन पर डक्ट और वॉशरूम की खिड़की से लिए गए फिंगरप्रिंट का आरोपित के फिंगरप्रिंट से मिलान कराया जाएगा।