Breaking News

संसद में हंगामे के बीच अमित शाह से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मुलाकात की     |   बच्चे की मौत पर पटना में बवाल, गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ियों को फूंक डाला     |   छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठेंगे निशिकांत, मांगी मंजूरी     |   हेट स्पीच केस: महुआ मोइत्रा को SC से राहत नहीं, याचिका पर सुनवाई से किया इनकार     |   शिवसेना सांसदों से PM मोदी की मुलाकात, बोले- ‘किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं, मैं आपके साथ हूं’     |  

साइबर क्राइम से निपटने में तेलंगाना देश में नंबर-1, PMO की समीक्षा में मिला पहला स्थान

तेलंगाना ने साइबर अपराध से निपटने के मामले में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से की गई राष्ट्रव्यापी PRAGATI समीक्षा में तेलंगाना के प्रदर्शन को सबसे बेहतर पाया गया। यह जानकारी तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (TGCSB) ने एक प्रेस रिलीज जारी कर दी। 6 अगस्त को हुई इस समीक्षा में साइबर अपराध की रोकथाम, जांच और नागरिकों को दी जाने वाली सेवाओं के आधार पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। इसके लिए 9 प्रमुख मानकों को आधार बनाया गया।

इनमें S4C सेंटर की स्थापना, e-Zero FIR, शिकायत निवारण मॉड्यूल (GRM), मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM), सहयोग पोर्टल, समन्वय पोर्टल, साइबर क्राइम हॉटस्पॉट की पहचान, पुलिस अधिकारियों की ट्रेनिंग और लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने जैसे काम शामिल थे।TGCSB के मुताबिक, तेलंगाना ने देश का पहला S4C सेंटर स्थापित किया है। इसके अलावा राज्य ने e-Zero FIR लागू करने के साथ-साथ गृह मंत्रालय के तहत भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के कई डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी इस्तेमाल किया।

GRM पोर्टल पर तेलंगाना ने 88 प्रतिशत मामलों का निपटारा किया। 2 अगस्त 2026 तक मिली 2,368 शिकायतों में से 2,086 शिकायतों पर कार्रवाई की गई। वहीं, Money Restoration Module (MRM) के तहत 34,524 ऐसे मामलों में से 28,097 मामलों में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के आदेशों पर कार्रवाई की गई। इसकी सफलता दर 81.38 प्रतिशत रही। इसके जरिए साइबर ठगी से जुड़ी करीब 16.42 करोड़ रुपये की रकम वापस दिलाने में मदद मिली।

सहयोग पोर्टल के जरिए तेलंगाना ने 22,447 संदिग्ध URL के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इनमें से 20,070 URL को बंद या ब्लॉक कर दिया गया। इस तरह कार्रवाई की दर 89.41 प्रतिशत रही। वहीं, समन्वय पोर्टल पर दूसरे राज्यों से मिली 6,721 साइबर जांच संबंधी मदद की रिक्वेस्ट में से 6,518 का निपटारा किया गया। इसकी सफलता दर 96.68 प्रतिशत रही। तेलंगाना ने दूसरे राज्यों को 7,018 रिक्वेस्ट भेजीं, जिनमें से 5,560 का निपटारा हुआ।

TGCSB के अनुसार, समन्वय पोर्टल पर तेलंगाना ने 3,524 आरोपियों की प्रोफाइल और 14,964 मामलों की जानकारी अपलोड की है। साइबर अपराध की जांच से जुड़े मामलों में अब तक 5,493 गिरफ्तारियां भी दर्ज की गई हैं। TGCSB ने नागरिकों की सुविधा के लिए 8712665600 नंबर पर एक हेल्पलाइन भी शुरू की है। इस पर GRM और MRM से जुड़ी शिकायतों में लोगों की मदद की जाती है। इन डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल को समझाने वाले वीडियो भी ब्यूरो के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर उपलब्ध कराए गए हैं।

तेलंगाना के अधिकारियों ने देश में साइबर अपराध से निपटने में पहला स्थान मिलने पर संतोष जताया है। TGCSB ने लोगों से साइबर ठगी होने पर National Cyber Crime Reporting Portal, GRM और MRM का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि समय पर शिकायत दर्ज कराकर ठगी गई रकम की रिकवरी में मदद मिल सके।