Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

अमरनाथ यात्रियों के लिए रेलवे की खास पहल, जम्मू से श्रीनगर तक शुरू हुई स्पेशल ट्रेन सेवा

भारतीय रेलवे ने अमरनाथ यात्रा को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए जम्मू से श्रीनगर के बीच विशेष ट्रेन सेवा शुरू की है। इससे श्रद्धालुओं को सीधे श्रीनगर पहुंचने में सुविधा मिलेगी। श्रीनगर के चीफ एरिया मैनेजर कपिल शर्मा ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों और अमरनाथ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे बोर्ड और मुख्यालय स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। पानी, बिजली, साफ-सफाई और ट्रेनों की समय पर आवाजाही जैसी सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिन श्रद्धालुओं ने पहले से अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है, वे स्टेशन के बाहर आधार KYC के जरिए अपना सत्यापन कर यात्रा शुरू कर सकते हैं। वहीं, जिन यात्रियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे पंथा चौक जाकर मौके पर ही रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिए बसों की व्यवस्था भी की गई है।

रेलवे ने यात्रियों के लिए ट्रेनों में भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और जम्मू-कश्मीर पुलिस मिलकर काम कर रही हैं। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारी और नागरिक प्रशासन समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी कर रहे हैं। अमरनाथ यात्रा पर आए एक श्रद्धालु ने वंदे भारत ट्रेन की तारीफ करते हुए कहा कि यात्रा पहले की तुलना में अब काफी आसान हो गई है। उन्होंने कहा कि ट्रेन में सुविधाएं बहुत अच्छी हैं और टिकट निरीक्षकों तथा सुरक्षा कर्मियों ने पूरी यात्रा के दौरान अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा। बता दें कि 57 दिनों की अमरनाथ यात्रा शुरू हो चुकी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए डिजिटल निगरानी और RFID ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।