Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

तिरुमाला मंदिर पहुंचे सोनू सूद, परिवार संग ‘थोमाला सेवा’ में लिया भाग

अभिनेता सोनू सूद ने बुधवार को तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर में पवित्र ‘थोमाला सेवा’ के दौरान भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए। इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी सोनाली सूद और बेटे इशांत भी मौजूद रहे। परिवार ने सुबह-सुबह होने वाले इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। सोनू सूद और उनके बेटे पारंपरिक सफेद वेष्टी (धोती) में नजर आए, जो दक्षिण भारत में धार्मिक अवसरों पर पहनी जाती है। उन्होंने कंधे पर लाल और सुनहरे रंग का अंगवस्त्र धारण किया हुआ था और कलाई में पवित्र धागा (कलावा) बांधा हुआ था। वहीं, सोनाली सूद हरे रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आईं, जिस पर सुनहरी जरी का काम था।

मंदिर में इस दौरान कई अन्य जानी-मानी हस्तियां भी दर्शन के लिए पहुंचीं। अभिनेत्री संयुक्ता मेनन ऑफ-व्हाइट साड़ी में पूजा करती दिखीं। वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मिताली राज ने भी थोमाला सेवा में भाग लिया। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत किदांबी अपनी पत्नी के साथ भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंचे। आंध्र प्रदेश के शेषाचलम पहाड़ियों की सातवीं चोटी पर स्थित तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर भगवान वेंकटेश्वर (बालाजी) को समर्पित है। यह प्राचीन मंदिर देश के सबसे अधिक दर्शन किए जाने वाले धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं।