Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

सोनभद्र खदान हादसा: पांच और लोगों के शव बरामद, मृतक संख्या हुई छह

उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के बिल्ली मारकुंडी खदान हादसे में मारे गए पांच और लोगों के शव बरामद होने के साथ इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने बताया कि 16 और 17 नवंबर की मध्यरात्रि से लेकर सोमवार दोपहर तक मलबे से पांच और शव बरामद किए गए हैं। उनकी पहचान इंद्रजीत (30), संतोष (30), रवींद्र (18), राम खेलावन (32) और कृपाशंकर के रूप में हुई है।

पांच और शव बरामद होने के बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में शनिवार शाम को खदान में पहाड़ी का एक भाग दरकने से एक खदान धंस गई थी। घटना के बाद रविवार को मलबे से राजू सिंह (30) नामक मजदूर का शव बरामद किया गया था।

शनिवार को बिल्ली मारकुंडी स्थित ‘कृष्णा माइनिंग वर्क्स’ की खदान में पहाड़ी का एक भाग दरकने से कई मजदूर मलबे में दब गए थे। इस मामले में कृष्णा माइनिंग वर्क्स के मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर उनकी तलाश की जा रही है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी बचाव कार्य में जुटी है।