Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

दिल्ली के कई स्कूलों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और दिल्ली पुलिस तुरंत हरकत में आईं। एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराया गया और सुरक्षा जांच शुरू की गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रभावित स्कूल परिसरों की गहन जांच की गई। बम निरोधक दस्तों और स्थानीय पुलिस ने स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। इस संबंध में अभी और जानकारी का इंतजार है। इससे पहले पिछले महीने भी राष्ट्रीय राजधानी में उस समय हाई अलर्ट जारी किया गया था, जब दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी वाला फोन आया था। हालांकि, जांच के बाद यह धमकी फर्जी निकली थी।

अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरा फोन सबसे पहले मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आया था। कॉल में दिल्ली के लाल किले को उड़ाने की धमकी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद दिल्ली के नॉर्थ जिले की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लाल किले और आसपास के इलाके में सुरक्षा जांच और सत्यापन अभियान चलाया। जांच के बाद अधिकारियों ने पाया कि यह एक फर्जी कॉल थी।