Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ POCSO केस में FIR, BNS की 5 धाराओं के तहत मामला दर्ज     |   अफ्रीकी द्वीप देश केप वर्डे में सड़क हादसा, 25 लोगों की मौत     |   मणिपुर के चुराचांदपुर में एनकाउंटर, UKNA के 2 उग्रवादी ढेर     |   राम मंदिर चंदा चोरी मामले में 8 आरोपियों की बढ़ी मुश्किलें, 18 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे     |   PM मोदी कल मंत्रियों के साथ करेंगे रिव्यू मीटिंग, मंत्रालयों के कामकाज का लेंगे जायजा     |  

वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ सेंसेक्स 304 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी दिखी बढ़त

Mumbai: इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार तेजी आई और सत्र का अंत बढ़त के साथ हुआ। अमेरिका में महंगाई दर स्थिर रहने के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ मेटल, ऑटो और फार्मा कंपनियों के शेयरों में लिवाली से घरेलू बाजार बढ़त में रहा।

उत्साहजनक माहौल में घरेलू खुदरा मुद्रास्फीति जुलाई में घटकर आठ साल के निचले स्तर 1.55 फीसदी पर आ गई। इससे निवेशकों का भरोसा और बढ़ा। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 304 अंक चढ़कर 80,539 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 131 अंक बढ़कर 24,619 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, इटर्नल लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज्यादा चढ़े। जबकि अडाणी पोर्ट्स, आईटीसी, अल्ट्रा टेक सीमेंट, टाइटन और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के।

क्षेत्रीय मोर्चे पर, सभी सूचकांक मजबूत रहे। इनमें हेल्थकेयर, ऑटो, मेटल, मीडिया, आईटी और फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों का योगदान रहा। जापान के निक्केई, चीन के शंघाई कम्पोजिट, हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग, सियोल के कोस्पी और इंडोनेशिया के जकार्ता कम्पोजिट सहित सभी एशियाई बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार बुधवार को सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। वॉल स्ट्रीट मंगलवार को खास बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध विक्रेता रहे। उन्होंने 3,398 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।