Breaking News

हमास ने गाजा सीजफायर को लेकर ट्रंप के बोर्ड ऑफ पीस के प्रतिनिधियों संग चर्चा की     |   कटक हॉस्पिटल अग्निकांड: मुख्यमंत्री ने फैक्ट फाइंडिंग टीम का किया गठन     |   ईरान ने भारत से फरवरी में जब्त किए 3 टैंकर्स को छोड़ने की मांग की: रॉयटर्स     |   बंगाल के लगभग 50 फीसदी विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज: ADR     |   बंगाल सीएम ममता बनर्जी LPG संकट को लेकर कोलकाता में प्रदर्शन में शामिल होंगी     |  

शेयर बाजारों में गिरावट, अडाणी ग्रुप के शेयर 23 फीसदी लुढ़के

अडाणी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट के बीच सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद गुरुवार को इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। अरबपति उद्योगपति गौतम अडाणी पर अमेरिकी अभियोजकों ने सौर ऊर्जा अनुबंधों के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 250 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2,100 करोड़ रुपये, रिश्वत के रूप में देने की योजना का कथित रूप से हिस्सा होने का आरोप लगाया है।

विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और वैश्विक बाजारों में कमजोर रूझान ने मार्केट के रुख को और ज्यादा प्रभावित किया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 422 अंक गिरकर 77,155 पर जबकि एनएसई निफ्टी 168 अंक लुढ़ककर 23,349 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में अडाणी पोर्ट्स, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी और एशियन पेंट्स सबसे ज्यादा लुढ़के। वहीं पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक, टाटा स्टील और टीसीएस के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े।

सेक्टोरल फ्रंट पर आईटी और रियलिटी को छोड़कर दूसरे सभी इंडेक्सों में गिरावट रही। पावर, पीएसयू बैंक, मीडिया, मेटल, ऑयल एंड गैस और एफएमसीजी शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के। जापान के निक्केई, सियोल के कोस्पी, हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग और इंडोनेशिया के जकार्ता कम्पोजिट सहित लगभग सभी एशियाई बाजार गिरावट के साथ जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।

यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वॉल स्ट्रीट बुधवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को नेट सेलर रहे। उन्होंने 3,411 करोड़ रुपए से ज्यादा के शेयर बेचे। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की वजह से बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बंद रहे।