Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, 30 सड़कें बंद, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारी वर्षा और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बारिश के कारण प्रदेशभर में करीब 30 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें सबसे अधिक प्रभावित पिथौरागढ़ जिला है, जहां 13 सड़कें अवरुद्ध हैं। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी मलबा आने और भूस्खलन के कारण कई मार्गों पर यातायात बाधित हुआ है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बना हुआ है, जबकि नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर भी बढ़ सकता है।

बारिश के चलते कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। लोक निर्माण विभाग (PWD), सीमा सड़क संगठन (BRO) और संबंधित एजेंसियां बंद सड़कों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। साथ ही नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।