Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

‘वायुशक्ति’ में भाग लेंगे राफेल-तेजस, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में वायुसेना की सफल भूमिका की झलक करेंगे पेश

Rajasthan: सैन्य अभ्यास ‘वायुशक्ति’ में राफेल, सुखोई-30, मिग-29, तेजस, जगुआर और अन्य लड़ाकू विमान शामिल होंगे, जो ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना की “सफल भूमिका” की झलक पेश करेंगे। वायुसेना के एक अधिकारी ने बुधवार को ये जानकारी दी।

वायुशक्ति 27 फरवरी को राजस्थान के ‘पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज’ में आयोजित किया जाएगा। वायुसेना उपाध्यक्ष एयर मार्शल नागेश कपूर ने बताया कि राजस्थान के पोकरण में इस सैन्य शक्ति अभ्यास के दौरान “लंबी दूरी के लक्ष्य बनाने’’ का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि द्विवार्षिक इस अभ्यास को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि ये पिछले वर्ष के ऑपरेशन सिंदूर के बाद आयोजित किया जा रहा है। वायुसेना अधिकारी ने बताया कि लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और परिवहन विमान सहित 120 से अधिक विमान इस अभ्यास में भाग लेंगे।

अधिकारी ने संवाददाता सम्मेलन में दिए गए प्रस्तुतीकरण में कहा कि इस अभ्यास में राफेल, सुखोई-30, मिग-29, तेजस, जगुआर और मिराज-2000 के अलावा अपाचे, हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंद और उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर भी शामिल होंगे।

जब उनसे पूछा गया कि क्या पश्चिमी सीमा के पास हो रहे इस अभ्यास से पाकिस्तान को कोई रणनीतिक संदेश जाएगा, उन्होंने कहा, “हम अपना अभ्यास करेंगे। इससे किसे क्या संदेश जाएगा, ये आप पर निर्भर करता है।”