Breaking News

पाकिस्तान में पेट्रोल कीमतों के खिलाफ जमात-ए-इस्लामी का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन     |   ‘पार्टी का संसदीय बोर्ड का नेता बदलता रहता है’, राघव चड्ढा को लेकर बोले CM मान     |   इंडियन नेवी में शामिल हुई वॉरशिप तारागिरी, बढ़ती समुद्री ताकत का प्रतीक: राजनाथ सिंह     |   अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ट की हुई मरम्मत, मिशन के लिए फिर तैयार हुआ     |   बंगाल चुनाव: मालदा घटना से AIMIM ने किया किनारा, प्रदेशाध्यक्ष बोले- हम शामिल नहीं     |  

पंजाब कांग्रेस नेता खुशबाज जट्टाना की सड़क हादसे में मौत, ट्रक की टक्कर से गई जान

कांग्रेस की पंजाब इकाई के नेता खुशबाज सिंह जट्टाना की गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली में एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी उनकी ‘एसयूवी’ कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि हादसे में एसयूवी चालक की भी मौत हो गई। जट्टाना (45) ने 2017 और 2022 में पंजाब की तलवंडी साबो सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन दोनों चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

वह कांग्रेस की बठिंडा ग्रामीण जिला इकाई के अध्यक्ष थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने पीछे से जट्टाना की गाड़ी को टक्कर मारी। पुलिस ने बताया कि कार का टायर पंक्चर हो गया था और उसे ठीक किया जा रहा था। सोनीपत के सहायक पुलिस आयुक्त (राय) विपिन अहलावत ने बताया कि इस हादसे में जट्टाना और उनके कार चालक परमिंदर सिंह की मौत हो गई जबकि उनका सुरक्षाकर्मी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, जट्टाना का शव सोनीपत सिविल अस्पताल में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया हालांकि ट्रक की पहचान कर ली गई है। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने जट्टाना के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक ऊर्जावान और उभरते हुए युवा नेता को खो दिया। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी जट्टाना के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि जट्टाना एक समर्पित नेता थे और उनकी असमय मृत्यु पार्टी के लिए बड़ी क्षति है।