Breaking News

यूपी में 9 IPS अफसरों के तबादले, 7 जिलों के SP बदले     |   ईरान पर नए अमेरिकी प्रतिबंधों पर भड़का तेहरान, विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान     |   आज होगी 12वीं BRICS संचार मंत्रियों की बैठक, ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे अध्यक्षता     |   कड़ी सुरक्षा के बीच शिफा हॉस्पिटल शिफ्ट किए गए इमरान खान     |   ट्रंप ने US स्पेस मिशन बढ़ाने के मेमो पर किए साइन, 2030 तक 1,000 ज्यादा उड़ानों का लक्ष्य     |  

राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को पुणे पुलिस ने दी अनुमति, रखीं 30 शर्तें

महाराष्ट्र के पुणे में 22 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को पुलिस ने अनुमति दे दी है। यह कार्यक्रम आरटीओ चौक के पास स्थित एसएसपीएमएस कॉलेज मैदान में शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 8,000 से 10,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है।

पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति के साथ आयोजकों के लिए कुल 30 शर्तें तय की हैं। इनमें आपत्तिजनक तस्वीरों या बैनरों के प्रदर्शन पर रोक के साथ यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में आयोजक जिम्मेदार होंगे। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति दे दी है और आयोजक सभी शर्तों का पूरी तरह पालन करेंगे।

पुलिस के निर्देशों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। इसके अलावा पर्याप्त प्रवेश और निकास द्वार, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय, अग्निशमन उपकरण और पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित करना भी आयोजकों की जिम्मेदारी होगी। कार्यक्रम स्थल पर फोटोग्राफी के लिए ड्रोन के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है। साथ ही पुलिस, चिकित्सा और अग्निशमन सेवाओं के लिए आपातकालीन मार्ग हमेशा खुला रखने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस की यह अनुमति ट्रैफिक विभाग से NOC मिलने के बाद ही पूरी तरह मान्य होगी। पुलिस ने कहा है कि अगर कार्यक्रम के दौरान कोई ऐसी गैरकानूनी गतिविधि होती है, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा हो, तो अनुमति कभी भी रद्द की जा सकती है। इसके अलावा, अगर कार्यक्रम की जगह को लेकर कोई विवाद होता है, तो भी पुलिस अनुमति तुरंत रद्द कर सकती है। आयोजकों को सभी नियमों और शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।