Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पनडुब्बी में करेंगी समुद्री यात्रा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 दिसंबर को भारतीय नौसेना की एक पनडुब्बी में सवार होकर समुद्री यात्रा करेंगी. यह यात्रा कर्नाटक के कारवार बंदरगाह से होगी. राष्ट्रपति कार्यालय ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है. वहीं राष्ट्रपति का चार दिवसीय दौरा शनिवार से शुरू हो चुका है जिसमें वह गोवा, कर्नाटक और झारखंड का दौरा करेंगी।

67 वर्षीय राष्ट्रपति मुर्मू पनडुब्बी में यात्रा करने वाली देश की दूसरी राष्ट्राध्यक्ष होंगी. इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने 13 फरवरी 2006 को विशाखापत्तनम से पनडुब्बी में समुद्री यात्रा की थी. राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले भी कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कर चुकी हैं. वह भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों में उड़ान भरने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति हैं. उन्होंने इसी वर्ष 29 अक्टूबर को राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी, जबकि 2023 में सुखोई-30 एमकेआई में भी उड़ान कर चुकी हैं.

राष्ट्रपति भवन के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू 27 दिसंबर की शाम गोवा के लिए रवाना हो चुकी हैं. अपने दौरे के अंतिम चरण में राष्ट्रपति 30 दिसंबर को झारखंड पहुंचेंगी. वह जमशेदपुर में ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी और एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगी. इसके अलावा वह गुमला में आयोजित अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम कार्तिक जात्रा कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगी. राष्ट्रपति की यह यात्रा न केवल सैन्य बलों के मनोबल को बढ़ाने वाली है, बल्कि देश के इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाली मानी जा रही है.

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी दौरे के लिए झारखंड में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यातायात पर पाबंदियां लगाई गई हैं. झारखंड के अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरेंगी और उसके बाद एक हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर रवाना होंगी. पूर्वी सिंहभूम जिले के औद्योगिक शहर में वह संताली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी.

वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगी. इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडर और गर्म हवा के गुब्बारे के लिए बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से लोक भवन तक 200 मीटर के दायरे का ‘नो-फ्लाई जोन’ निर्धारित किया गया है, जिसमें हिनू चौक, बिरसा चौक और अरगोड़ा चौक आएंगे.