ओडिशा के कटक स्थित एस.सी.बी. मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी भीषण आग की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को गहरा दुख व्यक्त किया। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस दुखद हादसे में हुई जनहानि से राष्ट्रपति बेहद व्यथित हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “कटक, ओडिशा के एक अस्पताल में हुई आग की घटना में लोगों की मौत से मैं बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने एक्स (X) पर लिखा कि कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में हुई घटना बेहद दर्दनाक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ओडिशा सरकार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे को “दुखद” बताते हुए शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से घोषणा की गई कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। दरअसल, सोमवार देर रात एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि बचाव कार्य के दौरान अस्पताल के कम से कम 11 कर्मचारी घायल हो गए।
स्थानीय पार्षद दीपक कुमार दास के अनुसार, यह घटना रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।