आज महाकुंभ का 23वां दिन हैं. सुबह से ही भक्त संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक प्रयागराज महाकुंभ पहुंचे हैं, उनके साथ यूपी के सीएम योगी भी मौजूद हैं. यहां वो संगम पर त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाएंगे. दिनेश फलाहारी बाबा ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को महाकुंभ क्षेत्र से हटाने की मांग की है.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में शमिल होने के लिए मंगलवार को भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक प्रयागराज पहुंचे। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भूटान के राजा त्रिवेणी संगम पर स्नान करेंगे। वे सोमवार को लखनऊ पहुंचे थे और चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीएम योगी ने उनका स्वागत किया था।
महाकुंभ में अब तक 35 करोड़ लोग डुबकी लगा चुके हैं. कल यानी वसंत पंचमी पर 2.33 करोड़ लोगों ने स्नान किया. संगम स्नान और पूजन के बाद भूटान नरेश अक्षयवट और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद बड़े हनुमान मंदिर के पास ही स्थित डिजिटल महाकुंभ अनुभूति केंद्र का अवलोकन करेंगे। वहां से अरैल स्थित त्रिवेणी शंकुल जाएंगे। भूटान नरेश करीब ढाई बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से करीब तीन बजे रवाना होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।