Breaking News

ईरानी हमले के बाद इजरायल ने एक्टिव किया आयरन डोम     |   ईरान ने दागीं 70 मिसाइलें, हमले के बाद ईजरायल में बज रहा सायरन     |   अमेरिकी नौसेना और वायुसेना ने ईरान पर बोला धावा, युद्धपोत अब्राहम लिंकन से हमला     |   इजरायल के बाद अब ईरान ने भी बंद किया एयरस्पेस     |   हमले के बाद पूर्वी और पश्चिमी तेहरान में काटी गई मोबाइल फोन लाइनें, इंटरनेट कनेक्टिविटी भी वीक     |  

बीएमसी चुनाव नतीजों के बाद मुंबई में लगे ‘धुरंधर देवेंद्र’ पोस्टर, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी

Maharashtra: बीएमसी चुनाव नतीजों 2026 के बाद मुंबई का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 227 में से 89 वार्डों में जीत दर्ज की है और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। नतीजों के बाद मुंबई के कई इलाकों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तस्वीरों वाले ‘धुरंधर देवेंद्र’ पोस्टर लगाए गए हैं, जो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

इन पोस्टरों को मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष और नवनिर्वाचित नगरसेवक तजिंदर सिंह तिवाना की ओर से लगवाया गया है। पोस्टरों के जरिए भाजपा ने न सिर्फ अपनी चुनावी जीत का जश्न मनाया है, बल्कि मुंबई की राजनीति में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मजबूत नेतृत्व को भी रेखांकित करने की कोशिश की है।

बीएमसी चुनाव में भाजपा की इस ऐतिहासिक सफलता के साथ ही पार्टी का 45 साल पुराना सपना पूरा होने जा रहा है। देश की सबसे समृद्ध नगर निगम बीएमसी में पहली बार भाजपा का मेयर बनने की संभावना प्रबल हो गई है। इसके साथ ही करीब तीन दशकों से चला आ रहा ठाकरे परिवार का दबदबा भी समाप्त हो गया है।

शिवसेना (उद्धव गुट) दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
चुनाव नतीजों के अनुसार, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) को 65 सीटें मिलीं और वह दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 24 सीटों से संतोष करना पड़ा। अन्य दलों में एआईएमआईएम ने 8, मनसे ने 6, एनसीपी ने 3, समाजवादी पार्टी ने 2 और एनसीपी (एसपी) ने 1 सीट हासिल की।

राज्यभर में भाजपा-शिवसेना गठबंधन का दबदबा
महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं में से मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पुणे, पनवेल और नासिक सहित कई प्रमुख शहरों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने बड़ी जीत दर्ज की है। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में भाजपा ने पवार परिवार को करारी शिकस्त दी, जहां चाचा-भतीजे की पार्टियों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था।

29 नगर निगमों की कुल 2,869 सीटों के नतीजों में भाजपा 1,441 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 408 सीटें, कांग्रेस को 317, अजित पवार की एनसीपी को 164, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को 154 और मनसे को 13 सीटें मिली हैं। चार निकायों को छोड़कर शेष सभी में कहीं भाजपा अकेले तो कहीं शिवसेना के साथ मिलकर सत्ता में रहने की स्थिति में है।