Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

PCS 2025 का प्री एग्जाम आज, सेंटरों पर बढ़ाई गई निगरानी

आगरा में उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस-प्री 2025 परीक्षा आज शहर के 39 केंद्रों पर आयोजित हो रही है। इसमें कुल 17,472 अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए केवल प्रवेशपत्र पर्याप्त नहीं होगा। अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध पहचान पत्र (मूल व छायाप्रति दोनों) साथ लाना अनिवार्य है। वहीं, केंद्र पर बायोमेट्रिक से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश होगा।अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से डेढ़ घंटे पहले पहुंचने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। हर अभ्यर्थी की प्रवेश के दौरान आइरिस स्कैनिंग होगी, ताकि किसी भी प्रकार के फर्जी प्रवेश को रोका जा सके। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक होगी।

परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होगी। तीन गलत उत्तरों पर एक अंक काटा जाएगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, घड़ी, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर या अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को लाने की सख्त मनाही है। केवल पेन, पारदर्शी बोतल में पानी और आवश्यक दस्तावेज की अनुमति होगी। आयोग की ओर से सख्त निगरानी और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और बड़े केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट और उतने ही स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। कुल 620 कक्ष निरीक्षक, 39 सहायक केंद्र व्यवस्थापक और 1-1 केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, पूल बैकअप में लगभग 150 रिलीवर शिक्षक हैं। इसके साथ ही फ्लाइंग और संबंधित अधिकारी भी निरीक्षण करेंगे। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर अपना प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्रिंट निकालना और उसे परीक्षा केंद्र पर लाना अनिवार्य है।
पीसीएस की परीक्षा में तीन रंग की कॉपियां रहेंगी। इनमें गुलाबी कलर आयोग, हरी कलर ट्रेजरी और पीली रंग की कॉपी में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।