Breaking News

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी CBI की बैठक के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंचे     |   बीजेपी विधायक तपस रॉय ने बंगाल विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के तौर पर ली शपथ     |   बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस को 10 दिन की ईडी कस्टडी में भेजा गया     |   NEET परीक्षा मामले में नासिक पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया     |   सीबीआई ने NEET पेपर लीक मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की     |  

मदर्स डे पर नेटफ्लिक्स ने जारी की 'मां बहन' की नई झलक, माधुरी-तृप्ति की जोड़ी ने जीता दिल

नेटफ्लिक्स ने अपनी आगामी फिल्म 'मां बहन' की नई झलक जारी की है, जिसमें माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। यह हाई-ऑक्टेन डार्क कॉमेडी फिल्म सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी है। मदर्स डे के मौके पर नेटफ्लिक्स ने फिल्म का एक मजेदार टीज़र साझा किया। वीडियो में माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा की दिलचस्प केमिस्ट्री देखने को मिली। यह फिल्म अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन और ओपनिंग इमेज फिल्म्स के सहयोग से बनाई जा रही है।

वीडियो में तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा, जो फिल्म में माधुरी दीक्षित की बेटियों की भूमिका निभा रही हैं, अपनी ऑन-स्क्रीन मां के बारे में कुछ शब्दों में बताने की कोशिश करती हैं। दोनों थोड़ी झिझकती नजर आती हैं। इस पर माधुरी हंसते हुए कहती हैं कि दोनों बहुत शर्मीली हैं।

इसके बाद तृप्ति मजाक में कहती हैं, "इनका नाम रेखा है, मां देती हैं खाना, कभी-कभी।" नेटफ्लिक्स ने इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, "मां के बारे में तो अब क्या ही कहें... 'मां बहन', जल्द आ रही है, सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।" 'मां बहन' एक डार्क कॉमेडी है, जिसकी कहानी एक मां और उसकी दो बेटियों के इर्द-गिर्द घूमती है। तीनों के बीच अक्सर नोकझोंक होती रहती है, लेकिन उनकी जिंदगी तब बदल जाती है जब उन्हें अपने रसोईघर में एक लाश मिलती है। घबराहट के बीच यह मां-बेटियां मिलकर इस राज को छिपाने की कोशिश करती हैं। फिल्म में रवि किशन भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

मुंबई में आयोजित नेटफ्लिक्स इंडिया स्लेट इवेंट में माधुरी दीक्षित ने कहा: "यह एक डार्क कॉमेडी है। मैं सुरेश जी के काम की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं। जब मैंने कहानी सुनी तो मुझे लगा कि मुझे यह फिल्म जरूर करनी चाहिए, क्योंकि मैंने लंबे समय से कॉमेडी नहीं की है।" तृप्ति डिमरी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा: "उनके साथ काम करना बहुत अच्छा अनुभव रहा। ऐसा लगा जैसे हम एक खुशहाल परिवार का हिस्सा हों। मैं उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक हूं और मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा।" फिल्म 'मां बहन' की रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन यह जल्द ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।