जम्मू-कश्मीर में ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत श्रीनगर पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने एक कुख्यात ड्रग तस्कर की करीब 1.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त कर ली है। जारी बयान के अनुसार, रैनावाड़ी पुलिस स्टेशन ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत कार्रवाई करते हुए सैदाकदल निवासी आरोपी बिलाल अहमद पाटू के एक मंजिला मकान और करीब 11 मरला जमीन को अटैच किया है। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, यह संपत्ति ड्रग तस्करी से अर्जित अवैध आय से बनाई गई थी। इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को तोड़ना और इस अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाना है। इससे पहले भी श्रीनगर पुलिस ने ड्रग तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां जब्त की थीं। इसमें दो अलग-अलग आरोपियों के दो-दो मंजिला मकान और एक-एक कनाल जमीन शामिल थी।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से नशा तस्करी में लिप्त लोगों को कड़ा संदेश दिया जा रहा है और उनके आर्थिक ढांचे को कमजोर किया जा रहा है। साथ ही, आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें।