Breaking News

किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान के बाद हरियाणा पुलिस ने खनौरी बॉर्डर पर बढ़ाई सख्ती     |   फंदे से लटका मिला ममता बनर्जी के करीबी और बंगाल असेंबली के पूर्व डिप्टी स्पीकर का शव     |   कर्नाटक लोक भवन आज से 18 अगस्त तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा     |   सबरीमाला मंदिर आज शाम चिंगम महीने की पूजा के लिए खुलेगा, कल से श्रद्धालुओं को दर्शन     |   राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान आज से 14 सितंबर तक आम लोगों के लिए खुलेगा     |  

नीतीश कुमार ने CM सम्राट चौधरी से की शिष्टाचार मुलाकात

राज्यसभा सांसद और जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। जदयू प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आज 7, सर्कुलर रोड स्थित आवास पर माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से शिष्टाचार मुलाकात हुई। इस दौरान उन्हें नई जिम्मेदारियों और विस्तारित मंत्रिमंडल के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।”

गुरुवार को बिहार सरकार में बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार हुआ, जिसमें वरिष्ठ नेताओं और कई नए चेहरों सहित 32 मंत्रियों को पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया। यह विस्तार भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनने के बाद किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रचंड जनादेश मिलने के बाद प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से मंत्रिमंडल का विस्तार किया।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसे सत्तारूढ़ गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया। मंत्रिमंडल विस्तार के तहत भाजपा के 15, जनता दल (यूनाइटेड) के 13, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 2, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के 1 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 1 नेता को मंत्री बनाया गया।

भाजपा कोटे से शपथ लेने वालों में राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नितिश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी, रामा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय सिंह (टाइगर), इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह शामिल हैं। जदयू कोटे से निशांत कुमार, श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत और बुलो मंडल ने शपथ ली।