Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

NEET पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया गिरफ्तार

नकल और पेपर लीक माफिया संजीव मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई बिहार की राजधानी पटना में पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओयू) ने की। जानकारी के अनुसार, एसटीएफ ने संजीव मुखिया को गुरुवार रात दबोच लिया था। हाल ही में पटना पुलिस ने संजीव मुखिया पर तीन लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

संजीव मुखिया के अलावा पुलिस ने दो अन्य अपराधियों पर भी इनाम का ऐलान किया था। संजीव मुखिया नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ कुल चार मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में फरार चल रहा था। संजीव मुखिया पर नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड होने का आरोप है। वह पहले नूरसराय हॉर्टिकल्चर कॉलेज में तकनीकी सहायक के पद पर काम करता था। जब नीट पेपर लीक की जांच शुरू हुई, तो पता चला कि उसने कई छात्रों से करीब 40 लाख रुपये लेकर पेपर लीक करवाए थे। इसके अलावा, पेपर के सही जवाब भी पटना में छात्रों को रटवाए गए थे। पेपर हजारीबाग के एक परीक्षा केंद्र से लीक हुआ था।

बताया जा रहा है कि संजीव मुखिया का नाम पहले भी कई परीक्षा घोटालों में सामने आ चुका है। साल 2016 में सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक हुआ था, और उसमें भी संजीव मुखिया का नाम था। इसके अलावा, बीपीएससी शिक्षक बहाली पेपर लीक मामले में भी वह जेल जा चुका है। संजीव मुखिया का बेटा डॉ. शिवकुमार भी पीएमसीएच से एमबीबीएस है और फिलहाल वह भी जेल में बंद है। बिहार पुलिस के साथ-साथ कई जांच एजेंसियां संजीव मुखिया को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही थीं। कई बार यह भी जानकारी मिली थी कि संजीव मुखिया नेपाल में छिपा हुआ है।