Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

मुंबई पुलिस ने बंगाल से महिला को किया गिरफ्तार, सैफ पर हमले में इस तरह है शामिल

मुंबई पुलिस ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में तलाशी अभियान चलाया और अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया। एक सूत्र ने ये जानकारी दी। सूत्र के मुताबिक जांच में पता चला है कि हमले के लिए मुंबई में पूर्व में गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिक द्वारा इस्तेमाल किया गया सिम महिला के नाम पर पंजीकृत था। मुंबई पुलिस की दो सदस्यीय टीम रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंची। 

पश्चिम बंगाल पुलिस के एक सूत्र ने बताया, ‘‘सैफ अली पर हमला मामले में मुंबई पुलिस ने नदिया जिले के छपरा से एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड का आवेदन कर सकती है।’’ 

महिला का नाम खुखुमोनी जहांगीर शेख है और वह गिरफ्तार बांग्लादेशी शरीफुल फकीर की परिचित है। सूत्र ने बताया, ‘‘फकीर सिलीगुड़ी के पास भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए अवैध रूप से भारत में घुसा था और इस महिला के संपर्क में आया। महिला पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के अंदुलिया की रहने वाली है।’’ 

मुंबई में सैफ के बांद्रा स्थित उनके घर पर हमलावर ने 16 जनवरी को उन पर चाकू से छह बार वार किया था। सैफ को लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। उन्हें 21 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।